शीतला शक्ति पीठ में जगमगा रहे आस्था के 1035 दीप
धमतरी, 20 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के धमतरी जिला के सिहावा स्थित शीतला शक्ति पीठ एक बार फिर भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के अद्भुत संगम से आलोकित हो उठा है। शुभ मुहूर्त में घट स्थापना के साथ ही माता शीतला के दरबार में मनोकामना ज्योति प्रज्ज्वलित की गई, जिससे पूरा परिसर दिव्य आभा से जगमगा उठा।
इस वर्ष नवरात्रि में कुल 1035 ज्योतियां प्रज्ज्वलित की गई हैं, जिनमें 117 घी के दीप और 918 तेल के दीप शामिल हैं। दीपों की इस मनोहारी छटा ने श्रद्धालुओं के मन में भक्ति का अद्भुत संचार कर दिया है। घट स्थापना के अवसर पर आचार्य नारायण प्रसाद पाठक ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराते हुए सभी ज्योतिधारियों को संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि में आदि शक्ति की उपासना से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और व्यक्ति का जीवन कल्याणकारी बनता है। शीतला शक्ति पीठ के अध्यक्ष कैलाश पवार ने बताया कि माता शीतला अपने भक्तों के सभी कष्टों को हरती हैं और अपने आशीर्वाद से जीवन को सुख-समृद्धि से भर देती हैं। उन्होंने बताया कि माता का स्वरूप स्वंभू होने के कारण इस शक्ति पीठ का क्षेत्र में विशेष धार्मिक महत्व है। नवरात्रि के दौरान तृतीय दिवस से अष्टमी तक प्रतिदिन भोजन प्रसादी का वितरण किया जाएगा। साथ ही धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों की श्रृंखला भी जारी रहेगी। 24 मार्च को राजहंस मानस परिवार अम्बागढ़ चौकी, 25 मार्च को ओम आदित्य मानस परिवार रिसाली, 26 मार्च को मोर मयारू मानस परिवार गुदगुदा तथा 27 मार्च को विद्यार्थी मानस परिवार सांकरा द्वारा भक्ति प्रस्तुतियां दी जाएंगी। नवरात्रि के प्रथम दिवस पर मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने मां से जीवन में स्थिरता, दृढ़ता और शक्ति की कामना की।
इस भव्य आयोजन में समिति के प्रमुख संचालक नरेंद्र नाग, उपाध्यक्ष गगन नाहटा, रामलाल नेताम, महासचिव नेम सिंह बिशेन, सहसचिव नारद निषाद, बुधेश्वर साहू, कोषाध्यक्ष गैंद लाल यादव, तुकाराम साहू, पुजारी ज्ञान सागर पटेल, बलदेव निषाद, राजकुमार निषाद, संजय सारथी, प्रवीण गुप्ता, शशिकला शांडिल्य, देवंतीन श्रीमाली, रीना बिसेन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

