home page

रेत के अवैध कारोबार में संलिप्त 10 ट्रैक्टर व पांच हाईवा जब्त

 | 
रेत के अवैध कारोबार में संलिप्त 10 ट्रैक्टर व पांच हाईवा जब्त


धमतरी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। रेत के अवैध कारोबार में संलिप्त 10 ट्रैक्टर व पांच हाईवा चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। सभी वाहन व रेत जब्त कर लिया गया है। जिला खनिज विभाग के इस कार्रवाई से अन्य माफियों की चिंता बढ़ गई है।

जिले में खनिज संपदा के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार खनिज विभाग के अमले ने विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाकर बिना वैध अनुमति रेत परिवहन एवं उत्खनन में संलिप्त वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इस कड़ी में छह अक्टूबर को ग्राम अछोटा, मुड़पार, अमेठी, कलारतराई एवं दोनर में जांच के दौरान छह ट्रैक्टर एवं एक हाईवा वाहन जब्त किया गया। वहीं सात अक्टूबर को ग्राम अमेठी, सौंगा एवं रूद्री क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए चार ट्रैक्टर एवं चार हाईवा वाहन जब्त किए गए है। जब्त किए गए वाहनों को सुरक्षार्थ कलेक्ट्रेट कम्पोजिट बिल्डिंग परिसर में रखा गया है। इस प्रकार दो दिनों में कुल 10 ट्रैक्टर एवं पांच हाईवा वाहन जब्त किए गए हैं। संबंधित प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत नियमानुसार अर्थदंड वसूली की कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिले में खनिज संपदा के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण को किसी भी स्थिति में प्रोत्साहित नहीं किया जाएगा। प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण शासन की प्राथमिकता है। संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। खनिज कारोबार से जुड़े लोगों से अपील की है कि वे सभी गतिविधियां वैध अनुमति एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप ही करें। जिला प्रशासन द्वारा रेत घाटों, प्रमुख परिवहन मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है। खनिज परिवहन में लगे वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों एवं वैध अनुमति की जांच की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुमति रेत का उत्खनन, परिवहन अथवा भंडारण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा