सामुदायिक भवन में लंबे समय से चल रहे थियेटर को तत्काल बंद करें : सीपीआई
बीजापुर, 15 सितंबर (हि.स.)। जिले के सार्वजनिक भवनों के व्यावसायिक इस्तेमाल को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद से ऐसी गतिविधियों को तत्काल बंद कराने और भवनों को आम जनता के लिए उपलब्ध कराने की मांग की है।
सीपीआई जिला सचिव कमलेश झाड़ी ने मंगलवार को प्रेस नाेट जारी कर यह बात कही। कमलेश झाड़ी ने आरोप लगाया कि नगर पालिका क्षेत्र में आम लोगों की सुविधा के लिए बनाए गए सामुदायिक भवन में लंबे समय से थियेटर चल रहा है। इन भवनों का निर्माण शादी, सामाजिक कार्यक्रम, बैठक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए किया गया था।
उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन के सामने स्वामी आत्मानंद स्कूल भी है। इसके बावजूद यहां व्यावसायिक गतिविधियां जारी हैं। इसी तरह सांस्कृतिक भवन में भी व्यापारिक मेले और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां कराई जा रही हैं। सीपीआई जिला सचिव ने सवाल उठाया कि सार्वजनिक संपत्ति को निजी फायदे के लिए इस्तेमाल करने की अनुमति किस आधार पर दी गई। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इसकी जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए।
झाड़ी ने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने अपने समर्थकों को फायदा पहुंचाने के लिए इन भवनों का इस्तेमाल होने दिया है। झाड़ी ने कहा कि इन सार्वजनिक भवनों का निर्माण आम लोगों के टैक्स के पैसों से हुआ है। इसलिए इनका इस्तेमाल जनता के हित में होना चाहिए, निजी व्यवसाय के लिए नहीं। उन्हाेने जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद से मामले में तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है। सीपीआई ने कहा कि सार्वजनिक भवनों को व्यावसायिक गतिविधियों से मुक्त कराया जाए। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

