शिव मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया हलषष्ठी पर्व
जांजगीर चांपा, 2 सितंबर (हि. स.)। नगर के शिव मंदिर में हलषष्ठी का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मोहल्ले सहित आसपास की बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्र हुईं और विधि-विधान से हलषष्ठी व्रत का पूजन किया।
पूजन कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को हलषष्ठी व्रत के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी गई और शास्त्रीय विधि से पूजा-अर्चना कराई। व्रती माताओं ने पसहर चावल, छह प्रकार की भाजी, महुआ के पत्ते, कांस फूल सहित अन्य पूजन सामग्री से विधिवत पूजा की। महिलाओं ने तालाब का प्रतीकात्मक स्वरूप तैयार कर उसमें जल भरकर हलषष्ठी माता तथा भगवान शिव-पार्वती की आराधना की।
पूजा के बाद महिलाओं ने हलषष्ठी व्रत की कथा का श्रवण किया। इस दौरान व्रती माताओं ने अपनी संतान की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरा शिव मंदिर मोहल्ला भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
पूजन कार्यक्रम के समापन पर महिलाओं ने एक-दूसरे को हलषष्ठी पर्व की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद पसहर चावल का प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण किया। आयोजन में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही और पूरे क्षेत्र में पर्व को लेकर श्रद्धा एवं उल्लास का माहौल देखने को मिला।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

