रामानुजगंज को बेहतर शहर बनाने अभियान की शुरुआत, नेता प्रतिपक्ष प्रतीक सिंह वार्डों में पहुंचकर सुनेंगे जनता की समस्याएं
बलरामपुर, 18 अगस्त (हि.स.)।रामानुजगंज नगरपालिका क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं और शहर के बेहतर विकास को लेकर कांग्रेस ने अभियान शुरू किया है।
नगरपालिका के वार्ड क्रमांक-4 से निर्वाचित पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष प्रतीक सिंह ने आज मंगलवार को मीडिया से बातचीत करते हुए अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शहर के अलग-अलग वार्डों और गली-मोहल्लों में पहुंचकर आम लोगों की समस्याओं और मांगों को सुना जाएगा तथा उन्हें संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।
रामानुजगंज को व्यवस्थित और बेहतर शहर बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस अभियान के तहत नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क किया जाएगा। इस दौरान लोगों से सीधे बातचीत कर सफाई, सड़क, नाली, पेयजल सहित शहर की अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली जाएगी।
अभियान के जरिए लोगों की समस्याओं और स्थानीय जरूरतों को सामने लाने के साथ उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों और जिम्मेदार अधिकारियों तक बात पहुंचाने की पहल की जाएगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि शहर के विकास को लेकर जनता की भागीदारी जरूरी है और इसी उद्देश्य से लोगों के बीच जाकर उनकी बात सुनी जाएगी।
नगरपालिका में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष प्रतीक सिंह ने बताया कि युवा कांग्रेस की ओर से 'बेटर सिटिज' अभियान के तहत 'हम बनाएंगे बेहतर रामानुजगंज' कार्यक्रम की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से युवा कांग्रेस और कांग्रेस के कार्यकर्ता शहर के गली-मोहल्लों में जाकर अलग-अलग वर्गों के लोगों से संवाद करेंगे।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान सफाई कर्मियों, ठेला व्यापारियों, चौपाटी संचालकों, सब्जी विक्रेताओं और अलग-अलग गली-मोहल्लों में रहने वाले लोगों से मुलाकात की जाएगी। लोगों से उनकी समस्याओं और मांगों की जानकारी लेकर शहर के बेहतर विकास के लिए आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल समस्याओं को सुनना नहीं, बल्कि उन्हें संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में पहल करना है। वार्डों में जनसंपर्क के दौरान सामने आने वाले प्रमुख मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।
अभियान की शुरुआत के साथ ही कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि शहर के विकास और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर वह आगे भी जनता के बीच जाकर संवाद करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

