राज्योत्सव पर धमतरी को मिलेगी आधुनिक ऑडिटोरियम की सुविधा
धमतरी, 12 सितंबर (हि.स.)। राज्योत्सव के अवसर पर इस वर्ष धमतरी शहरवासियों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ऑडिटोरियम की सुविधा मिलने जा रही है। शहर में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम भवन का निर्माण कार्य राज्योत्सव तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके शुरू होने से सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक और शासकीय कार्यक्रमों के लिए शहर में एक व्यवस्थित एवं सर्वसुविधायुक्त स्थल उपलब्ध होगा। इससे बड़े आयोजनों के लिए वैकल्पिक स्थान तलाशने की परेशानी भी काफी हद तक दूर होगी।
महापौर रामू रोहरा ने निर्माणाधीन ऑडिटोरियम को लेकर कर्मचारियों से भवन में फाल्स सीलिंग, एयर कंडीशनिंग, आधुनिक साउंड सिस्टम, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, आरामदायक दर्शक दीर्घा सहित अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूरा कर राज्योत्सव तक ऑडिटोरियम को उपयोग के लिए तैयार करने कहा गया। ऑडिटोरियम के तैयार होने से धमतरी में नाटक, संगीत, कला प्रस्तुतियां, सेमिनार, कार्यशाला, सम्मेलन, सम्मान समारोह, शैक्षणिक कार्यक्रम और सामाजिक एवं शासकीय आयोजन व्यवस्थित तरीके से हो सकेंगे। वातानुकूलित सुविधा, बेहतर ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था और आरामदायक बैठक व्यवस्था से दर्शकों, प्रतिभागियों और अतिथियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। यह स्थानीय कलाकारों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों और रचनात्मक समूहों के लिए भी महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में भी कार्यक्रमों का आयोजन संभव हो सकेगा।
महापौर रामू रोहरा ने शनिवार को कहा कि धमतरी में लंबे समय से एक अच्छे और सुसज्जित आयोजन स्थल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। ऑडिटोरियम के तैयार होने से शहरवासियों को विभिन्न आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। राज्योत्सव के अवसर पर इसका तैयार होना शहर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।
शहर की पहचान को भी मजबूत करती हैं सभागार
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरा करने के साथ गुणवत्ता और उपयोगिता के सभी मानकों का ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी अधोसंरचनाएं शहर में सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ शहर की पहचान को भी मजबूत करती हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

