home page

बलरामपुर : धधकी सत्य की आग, भस्म हुआ रावण का राज

 | 
बलरामपुर : धधकी सत्य की आग, भस्म हुआ रावण का राज


बलरामपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। सत्य की आग धधकी तो अहंकार और बुराई के प्रतीक रावण का राज आतिशबाजी की गूंज के बीच भस्म हो गया। अधर्म पर धर्म और अन्याय पर न्याय की जीत का संदेश देने वाला विजयदशमी पर्व मंगलवार की देर शाम रामानुजगंज में उत्साह के साथ मनाया गया।

नगर के हाई स्कूल मैदान में सागर मोती फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित भव्य रावण दहन कार्यक्रम में करीब 75 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दृश्य को देखने के लिए नगरवासियों के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और झारखंड से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

रावण दहन के दौरान मैदान में लोगों की भीड़ जुटी रही। आकर्षक आतिशबाजी और भजनों की धुन के बीच जैसे ही रावण का पुतला जला, पूरा मैदान उत्साह से गूंज उठा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। विजयदशमी के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने नगर के प्रमुख सार्वजनिक आयोजनों में अपनी विशेष पहचान बनाए रखी।

आयोजन समिति के प्रमुख एवं नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने बताया कि नगरवासियों के सहयोग से सागर मोती फाउंडेशन कई वर्षों से विजयदशमी पर रावण दहन कार्यक्रम आयोजित करता आ रहा है। इस वर्ष भी आयोजन को भव्य बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। करीब 75 फीट ऊंचे रावण के पुतले का निर्माण कराया गया और आतिशबाजी के बीच उसका दहन किया गया।

रमन अग्रवाल ने कहा कि विजयदशमी केवल रावण दहन का पर्व नहीं है, बल्कि यह सत्य, धर्म और न्याय की स्थापना का संदेश भी देता है। यह पर्व लोगों को बुराइयों का त्याग कर अच्छाई के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है।

रामानुजगंज के हाई स्कूल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भी भाग लिया। झारखंड से आए लोगों की मौजूदगी ने आयोजन में रौनक बढ़ाई। रावण दहन के साथ लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक विजयदशमी पर्व का उत्साहपूर्वक आनंद लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय