home page

बठेना वार्ड जलमग्न: दो से ढाई फीट तक भरा पानी, राशन दुकान में घुसा पानी, लोग बेहाल

 | 
बठेना वार्ड जलमग्न: दो से ढाई फीट तक भरा पानी, राशन दुकान में घुसा पानी, लोग बेहाल


धमतरी, 29 जुलाई (हि.स.)। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब शहर के रिहायशी इलाकों में भी साफ दिखाई देने लगा है। शहर के बठेना वार्ड में जल निकासी व्यवस्था की पोल खुल गई है। वार्ड की अधिकांश गलियों में दो से ढाई फीट तक पानी भर जाने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। सड़कें और गलियां तालाब जैसी नजर आ रही हैं, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात इतने गंभीर हैं कि वार्ड स्थित शासकीय राशन दुकान के भीतर भी पानी घुस गया है, जिससे वहां रखी राशन सामग्री खराब होने की आशंका बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द पानी की निकासी नहीं हुई तो खाद्यान्न को भारी नुकसान हो सकता है। वार्ड पार्षद श्यामलाल नेताम ने बताया कि बारिश शुरू होने से पहले ही उन्होंने नगर निगम प्रशासन से नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग कई बार की थी, लेकिन समय पर आवश्यक कार्य नहीं होने के कारण आज पूरे वार्ड को जलभराव की समस्या झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि तेज बारिश के बाद गलियों में भरा पानी कई घंटों बाद भी नहीं उतर पा रहा है, जिससे लोगों को आवागमन के साथ-साथ दैनिक कार्यों में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वार्डवासियों ने नगर निगम से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करने, नालियों की सफाई कराने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान किए जाने की मांग की है। लगातार बारिश के बीच बठेना वार्ड में बने हालात ने शहर की जल निकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा