फील्ड में उतरें अधिकारी, योजनाओं में लाएं तेजी :बलरामपुर कलेक्टर
बलरामपुर, 30 जून (हि.स.)। मंगलवार को कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक में अधिकारियों को फील्ड में नियमित भ्रमण कर जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण और प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया।
संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन, सीएम जनदर्शन, पीजी पोर्टल और अन्य जनशिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सुशासन तिहार से जुड़े लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने को कहा।
कलेक्टर ने सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान की समीक्षा करते हुए बताया कि 10 से 31 जुलाई तक 31 जनकल्याणकारी योजनाओं का बेसलाइन सर्वे किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में सर्वे पूरा कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी) की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी जनपद सीईओ और नगर निकाय अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट कर लंबित आवासों को मिशन मोड में पूरा कराने तथा जियो टैगिंग का कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा।
बैठक में पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने और बैंकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
संभावित अल-नीनो की स्थिति को देखते हुए खाद-बीज की उपलब्धता, भंडारण और वितरण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। वहीं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य और पोषण संबंधी संकेतकों में सुधार लाने तथा एएनसी पंजीयन और एनआरसी के प्रभावी संचालन पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

