home page

धमतरी जिले में 2334 ने दी पीएससी प्रारंभिक चयन परीक्षा

 | 
धमतरी जिले में 2334 ने दी पीएससी प्रारंभिक चयन परीक्षा


धमतरी जिले में 2334 ने दी पीएससी प्रारंभिक चयन परीक्षा


धमतरी, 22 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के आठ परीक्षा केंद्रों में रविवार को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक चयन परीक्षा कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच आयोजित की गई। प्रथम पाली में परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों की सुबह से ही केंद्रों के बाहर लंबी कतारें लग गई थीं। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। जिसमें अभ्यर्थियों के फुल शर्ट, पर्स, घड़ी, गाड़ी की चाबी, जूता - फोल्डेड चप्पल को बाहर कराया। वहीं महिला अभ्यर्थियों से कान की बालियां भी निकलवाई गई। शहर के नारायण राव मेघावाले शासकीय कन्या महाविद्यालय परीक्षा केंद्र में निर्धारित समय 9:45 के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति नहीं मिली। जिसकी वजह से लगभग एक दर्जन लोग परीक्षा देने से वंचित हो गए। सामान्य अध्ययन के पेपर में छत्तीसगढ़ के इतिहास, संस्कृति, जनजाति और आंकड़े वाले प्रश्नों ने अभ्यर्थियों को खूब उलझाया।

रविवार को जिले के आठ परीक्षा केंद्रों में सीजी पीएससी प्री की परीक्षा दो पाली में आयोजित की गई। पहली पाली में सामान्य अध्ययन की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे एवं दूसरी पाली में योग्यता परीक्षण (सीसेट) की परीक्षा दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक आयोजित हुई। परीक्षा जिला नोडल अधिकारी अपर कलेक्टर इंदिरा सिंह ने बताया कि जिले के आठ परीक्षा केंद्रों में सीजी पीएससी प्री की परीक्षा दो पाली में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। जिले में कुल 2864 पंजीकृत अभ्यर्थी थे। जिसमें प्रथम पाली में 2334 उपस्थित एवं 530 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 2305 उपस्थित एवं 559 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। शिव सिंह वर्मा आदर्श शा उ मा विद्यालय धमतरी केंद्र से परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थी चुम्मन साहू, महेश भगत और हितेश कुमार ने बताया कि सामान्य अध्ययन का पेपर मध्यम स्तर का था। कुल 100 प्रश्न 200 अंक के आए थे। छत्तीसगढ़ के प्रश्नों को हल करने में भी समय लगा। परीक्षा में कुछ रोचक प्रश्न पूछा गया थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा