home page

दिवंगत प्रधान आरक्षक के बेटे को मिली अनुकंपा नियुक्ति, सूरजपुर पुलिस में आरक्षक बना विकास सिंह

 | 
दिवंगत प्रधान आरक्षक के बेटे को मिली अनुकंपा नियुक्ति, सूरजपुर पुलिस में आरक्षक बना विकास सिंह


सूरजपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। ड्यूटी के दौरान दिवंगत हुए प्रधान आरक्षक मनोज सिंह के पुत्र विकास सिंह को आज सोमवार को सूरजपुर पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी गई। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने विकास सिंह को नियुक्ति आदेश प्रदान किया।

प्रधान आरक्षक मनोज सिंह जिला सूरजपुर पुलिस में पदस्थ थे। सेवाकाल के दौरान उनकी आकस्मिक मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उनके परिवार की ओर से अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया था।

जानकारी के अनुसार, अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरण को सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा ने गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई पूरी की गई और विकास सिंह को आरक्षक के पद पर नियुक्ति प्रदान की गई।

नियुक्ति के दौरान पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने विकास सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और पुलिस विभाग के दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की बात कही।

इस अवसर पर नवनियुक्त आरक्षक विकास सिंह की मां बबीता सिंह और भाई आकाश सिंह भी मौजूद रहे। परिवार के लिए यह नियुक्ति दिवंगत प्रधान आरक्षक मनोज सिंह की सेवाओं की स्मृति के साथ एक नई शुरुआत का अवसर भी बनी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय