छत्तीसगढ़ के किसानों का 10 सूत्रीय मांगों को लेकर विशाल प्रदर्शन
रायपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नवा रायपुर स्थित तूता धरना स्थल पर भारतीय किसान संघ के बैनर तले प्रदेशभर के हजारों किसानों ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर एक विशाल प्रदर्शन किया।
इस आंदोलन को किसानों ने 'अन्नदाता गर्जना रैली' का नाम दिया था।मंत्रालय का घेराव करने निकले सैकड़ों किसानों को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इसके बाद किसानों ने संबंधित अधिकारी के नाम पुलिस को ज्ञापन सौंपा और वापस लौट गए। किसानों ने खदानों का भी विरोध किया। उनकी 10 मांगों में केमिकल खाद की जगह गौवर्धन खाद को बढ़ावा देना भी शामिल है।
किसान धान बोनस, समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी, बकाया भुगतान और सिंचाई परियोजनाओं से जुड़ी मांगों को लेकर जुटे थे। किसानों ने साल 2022-23 की धान खरीद का बकाया 1700 करोड़ रुपये तत्काल देने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

