home page

कोरबा में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया भूमिपूजन और लोकार्पण

 | 
कोरबा में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया भूमिपूजन और लोकार्पण


कोरबा में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया भूमिपूजन और लोकार्पण


कोरबा , 10 नवंबर (हि.स.)। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने मंगलवार को कोरबा के सर्वमंगला नगर जोन अंतर्गत डगनियाखार में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस दौरान वार्ड क्रमांक 64, 65 और 66 में पेयजल पाइपलाइन एवं नाली निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई। वहीं, वार्ड क्रमांक 64 स्थित प्राथमिक शाला इमलीछापर के 31.30 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन भवन का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर संजू देवी राजपूत ने की।

कार्यक्रम के दौरान वार्ड क्रमांक 66 में बलगी हायर सेकेंडरी स्कूल से डीआई पाइपलाइन बिछाने के लिए 4.21 लाख रुपये और डगनिया में सूरजभान के घर के पास से पीपल चौरा तक नाली निर्माण के लिए 15 लाख रुपये के कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इसी तरह वार्ड क्रमांक 65 के एक नंबर दफाई भाटापारा में 16.18 लाख रुपये की लागत से डीआई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। वार्ड क्रमांक 64 के इमलीछापर परसाभांठा धनुहारपारा बस्ती से अमरजीत ऑफिस के पीछे तक 2.12 लाख रुपये की लागत से पाइपलाइन निर्माण कार्य कराया जाएगा।

इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शहर से लेकर गांव तक विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जा रहा है। सरकार का विशेष ध्यान पेयजल, नाली, सड़क और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर है। जिले में जर्जर आंगनबाड़ी और शासकीय स्कूल भवनों के स्थान पर नए भवनों का निर्माण भी कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पेयजल पाइपलाइन और नाली निर्माण कार्य पूरे होने से संबंधित वार्डों में पानी की आपूर्ति बेहतर होगी और गंदे पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित होगी। इससे स्थानीय नागरिकों को राहत मिलेगी।

कार्यक्रम में प्राथमिक शाला इमलीछापर के पुराने और जर्जर भवन के स्थान पर जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से 31.30 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए स्कूल भवन का लोकार्पण भी किया गया। नए भवन से विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।

इस अवसर पर नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित वार्डों के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी