home page

कोरबा: न्यू एरा पब्लिक स्कूल में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 पर जागरूकता कार्यक्रम

 | 
कोरबा: न्यू एरा पब्लिक स्कूल में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 पर जागरूकता कार्यक्रम


कोरबा, 15 अक्टूबर (हि. स.)। भारत सरकार के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 को लेकर कोरबा के न्यू एरा पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नवाचार के प्रति जागरूक करना और स्थानीय समस्याओं के व्यावहारिक समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित करना था। इस कार्यक्रम में लगभग 120 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया।

गुरुवार को दोपहर 1 बजे आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 के उद्देश्य, पात्रता, आवेदन एवं पंजीयन प्रक्रिया के साथ विभिन्न क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि वे अपने आसपास की सामाजिक और स्थानीय समस्याओं की पहचान कर तकनीक, रचनात्मक सोच और नवाचार के माध्यम से उनके प्रभावी समाधान तैयार कर सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 में विद्यार्थियों के साथ शोधकर्ता, स्टार्टअप, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) और व्यक्तिगत नवाचारी भी हिस्सा ले सकते हैं। इस प्रतियोगिता में कुल 10 सेक्टर शामिल किए गए हैं, जिनके अंतर्गत प्रतिभागी अपने नवाचार और नए विचार प्रस्तुत कर सकते हैं।

चैलेंज में चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। साथ ही उन्हें अपने नवाचार को आगे विकसित करने और व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर भी मिलेगा।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन और पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। उन्हें नवाचार के माध्यम से समाज की वास्तविक जरूरतों को समझने और समस्याओं का समाधान खोजने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

न्यू एरा पब्लिक स्कूल में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, समस्या समाधान की क्षमता और नवाचार के प्रति रुचि विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी