home page

कोरबा : अस्पताल कर्मचारी से मारपीट करने वाला सरपंच गिरफ्तार, कर्मचारी की इलाज के दौरान हुई मौत

 | 
कोरबा : अस्पताल कर्मचारी से मारपीट करने वाला सरपंच गिरफ्तार, कर्मचारी की इलाज के दौरान हुई मौत


कोरबा, 07 अप्रैल (हि. स.)। जिले में अपराधों पर नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल कर्मचारी से मारपीट करने वाले आरोपित सरपंच को आज गिरफ्तार कर लिया है। मामले ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब घायल कर्मचारी की उपचार के दौरान मौत हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 मार्च 2026 को जिला मेडिकल अस्पताल कोरबा के पोस्टमार्टम कक्ष में ड्यूटी के दौरान आरोपी ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए कर्मचारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। आरोपी ने कर्मचारी का कॉलर पकड़कर उसे दीवार में पटक दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।

घायल कर्मचारी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा था। लेकिन 6 अप्रैल 2026 को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने मृत्यु का कारण सिर में लगी गंभीर चोट और उससे उत्पन्न जटिलताओं को बताया है।

मामले में थाना सिविल लाइन रामपुर में पहले से दर्ज अपराध क्रमांक 279/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। जांच के दौरान साक्ष्य मिलने पर धारा 105 बीएनएस भी जोड़ी गई।

आरोपी की पहचान जयवीर सिंह तंवर उर्फ राजेश (31 वर्ष), निवासी पटेलपारा, ग्राम बेंदरकोना, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में जिलेभर में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी