अवैध रेत परिवहन पर धमतरी जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई तीन ट्रैक्टर जब्त
धमतरी, 04 फ़रवरी (हि.स.)।कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। खनिज विभाग द्वारा ग्राम सारंगपुरी में बुधवार को निरीक्षण के दौरान बिना वैध परिवहन पास के रेत का अवैध परिवहन करते हुए तीन ट्रैक्टरों को मौके पर ही जब्त किया गया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि रेत से भरे तीन ट्रैक्टर नियमों की अनदेखी कर परिवहन कर रहे थे। इनमें दो ट्रैक्टर स्वराज तथा एक ट्रैक्टर सोनालिका कंपनी का था। सभी वाहन बिना किसी वैध दस्तावेज के अवैध रूप से रेत परिवहन में संलग्न पाए गए, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त कर लिया गया।
प्रकरण में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, के तहत विधिवत कार्रवाई की गई है। जब्त वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
इस कार्रवाई को लेकर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शासन के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने खनिज विभाग को निर्देश दिए कि इस प्रकार की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सतत निगरानी रखते हुए नियमित एवं औचक निरीक्षण लगातार जारी रखें। खनिज उड़नदस्ता दल द्वारा खनि अधिकारी के निर्देशन में जिलेभर में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन की इस सख्ती से अवैध रेत कारोबार में संलग्न लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

