home page

अम्बिकापुर: सीतापुर नगर पंचायत के प्रभारी सीएमओ पर लाखों के घपले का आरोप, अध्यक्ष और पार्षदों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

 | 
अम्बिकापुर: सीतापुर नगर पंचायत के प्रभारी सीएमओ पर लाखों के घपले का आरोप, अध्यक्ष और पार्षदों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन


अम्बिकापुर, 04 अगस्त (हि.स.)। सरगुजा जिले के सीतापुर नगर पंचायत में प्रशासनिक रार और वर्चस्व की जंग अब खुलकर सरेआम हो गई है। वित्तीय अनियमितता और कार्य में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमदान कुजूर के नेतृत्व में पार्षदों ने प्रभारी सीएमओ ओमप्रकाश शर्मा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस संबंध में जनप्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और प्रभारी सीएमओ को पद से हटाने की मांग की है।

सीतापुर नगर पंचायत पिछले कुछ समय से गुटबाजी का केंद्र बनी हुई है। परिषद की हालिया बैठकों में यह खींचतान साफ नजर आई, जिसके बाद अब अध्यक्ष गुट ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि प्रभारी सीएमओ परिषद की स्वीकृति और अनुमोदन के बिना मनमाने ढंग से भुगतान कर रहे हैं। 14वें व 15वें वित्त आयोग, अधोसंरचना और स्वच्छता मद जैसी महत्वपूर्ण शासकीय राशियों में फर्जी बिल लगाकर लाखों रुपये का हेराफेरी (बंदरबांट) करने का गंभीर आरोप भी लगाया गया है, जो नगरपालिका अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि नगर पंचायत में हो रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की लगातार अनदेखी की जा रही है और अभिलेखों का दुरुस्तीकरण भी नहीं हो रहा है। इसके अलावा, परिषद द्वारा पारित प्रस्तावों पर कोई अमल न करते हुए चुने हुए पार्षदों की अनदेखी की जा रही है, जिससे क्षेत्र के विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़ गए हैं। पारदर्शिता के मुद्दे पर भी प्रभारी सीएमओ को घेरते हुए कहा गया है कि सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत मांगी गई जानकारियां आवेदन और अपील के बाद भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं।

नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमदान कुजूर ने स्पष्ट किया कि उनकी मुख्य मांग वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराना और प्रभारी सीएमओ ओमप्रकाश शर्मा को पद से पृथक कर किसी सक्षम अधिकारी को प्रभार सौंपना है, ताकि नगर पंचायत का संचालन सुचारू रूप से हो सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्षद शंकर गुप्ता, भवानी सिंह, मीरा बाई, नीरू मिस्त्री, जगमतिया पैंकरा, चितरंजन पैंकरा, श्वेता रवि अग्रवाल, राजेश कंदरा तथा एल्डरमैन नेमलाल गुप्ता, अनेश्वर गुप्ता और अमृता पैंकरा प्रमुख रूप से मौजूद थीं।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह