home page

अंबिकापुर की जर्जर सड़क पर संगठन मंत्री की गाड़ी फंसने के बाद शुरू हुई मरम्मत, सिंहदेव ने साधा निशाना

 | 
अंबिकापुर की जर्जर सड़क पर संगठन मंत्री की गाड़ी फंसने के बाद शुरू हुई मरम्मत, सिंहदेव ने साधा निशाना


अंबिकापुर, 22 अगस्त (हि.स.)। शहर की बदहाल सड़कों को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। लंबे समय से गड्ढों और कीचड़ से जूझ रहे लोगों की शिकायतों के बीच भाजपा के संगठन मंत्री पवन साय की गाड़ी दरिमा रोड की जर्जर सड़क पर फंसने के बाद प्रशासन हरकत में आया। सड़क की स्थिति को लेकर नाराजगी जताए जाने के बाद अधिकारियों और भाजपा नेताओं ने मौके का जायजा लिया और मरम्मत का काम शुरू कराया गया। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।

अंबिकापुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 सहित कई सड़कों की खराब स्थिति को लेकर स्थानीय लोग लंबे समय से आवाज उठाते रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले करीब चार वर्षों से सड़क की बदहाली के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है तथा गड्ढों में पानी और कीचड़ भरने से आवागमन मुश्किल हो जाता है।

इसी बीच आज शनिवार को भाजपा संगठन मंत्री पवन साय की गाड़ी दरिमा रोड की खराब सड़क पर फंस गई। इसके बाद उन्होंने सड़क की स्थिति को लेकर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों, मंत्रियों और भाजपा नेताओं से फोन पर चर्चा की। इसके बाद प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ और सड़क की मरम्मत का काम शुरू कराया गया।

मरम्मत शुरू होने पर सिंहदेव ने सरकार पर कसा तंज

सड़क की मरम्मत को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रशासन की इस तेजी को व्यक्तिवादी और फासिस्टवादी सोच का उदाहरण बताया।

टीएस सिंहदेव ने कहा कि आम लोगों को लंबे समय से खराब सड़क के कारण परेशानी हो रही थी, लेकिन जब एक व्यक्ति को परेशानी हुई तो तत्काल फरमान जारी हो गया। उन्होंने इसे व्यक्तिवादी और फासिस्टवादी विचारधारा का प्रमाण बताया।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने तकनीकी समस्या बताई

भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने सड़क की खराब स्थिति को स्वीकार करते हुए कहा कि समस्या गंभीर है, लेकिन इसके पीछे तकनीकी कारण भी हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित क्षेत्र नया विकसित हुआ है और वहां जल निकासी की समस्या है। जल निकासी की व्यवस्था बनाने में भी कई तरह की दिक्कतें सामने आती हैं।

उन्होंने कहा कि करीब तीन अलग-अलग हिस्सों में कुल साढ़े चार किलोमीटर सड़क खराब है। सड़क निर्माण के लिए स्वीकृति मिल चुकी है। संगठन मंत्री के हस्तक्षेप के बाद काम को लेकर और तेजी आई है तथा फिलहाल लोगों को तत्काल राहत देने के लिए मरम्मत कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सड़क का स्थायी निर्माण भी जल्द कराया जाएगा।

सिंहदेव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सिसोदिया ने कहा कि वे पूर्व उपमुख्यमंत्री से पूछेंगे कि भाजपा को किस आधार पर फासीवादी कहा जा रहा है।

सड़क की बदहाली ने खड़े किए सवाल

पवन साय की गाड़ी फंसने के बाद जिस तेजी से सड़क की मरम्मत शुरू हुई, उसने राजनीतिक बहस को जन्म दे दिया है। विपक्ष का सवाल है कि जब आम लोग लंबे समय से इन सड़कों की बदहाली की शिकायत कर रहे थे, तब प्रशासन इतनी तेजी से क्यों नहीं जागा।

वहीं भाजपा का कहना है कि सड़क निर्माण की प्रक्रिया चल रही है और फिलहाल लोगों को राहत देने के लिए मरम्मत कराई जा रही है। अब इस राजनीतिक विवाद के बीच लोगों की नजर इस बात पर है कि दरिमा रोड सहित शहर की अन्य जर्जर सड़कों का स्थायी समाधान कब तक होता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय