(अपडेट) ऑप्टिमिस्टिक्स एंटरटेनमेंट ने आईपीओ निवेशकों को किया खुश, मामूली बढ़त के साथ लिस्टिंग होने के बाद लगा अपर सर्किट
नई दिल्ली, 14 अगस्त (हि.स.)। खेल-खेल में, द डिप्लोमैट, ओएमजी 2 जैसी फिल्मों के साथ ही कॉमेडी सर्कस, क्राइम पेट्रोल, बालवीर, सजन रे झूठ मत बोलो, लेडीज स्पेशल, सास बिना ससुराल, कॉमेडी नाइट्स जैसे टीवी शो प्रोड्यूस कर चुकी बॉलीवुड प्रोड्यूसर विपुल डी शाह की प्रोडक्शन कंपनी ऑप्टिमिस्टिक्स एंटरटेनमेंट इंडिया के शेयरों ने आज स्टॉक मार्केट ने मामूली बढ़त के साथ एंट्री की। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 175 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर इसकी लिस्टिंग 2.86 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 180 रुपये के स्तर पर हुई।
लिस्टिंग के बाद हुई लिवाली के कारण कंपनी के शेयर के भाव में तेजी का रुख बन गया। लगातार हो रही खरीदारी के कारण दोपहर एक बजे के कुछ देर बाद ये शेयर उछल कर 189 रुपये के अपर सर्किट लेवल पर पहुंच गए और अंत में उसी स्तर पर बंद हुए। इस तरह पहले दिन के कारोबार में कंपनी के आईपीओ निवेशकों को प्रति शेयर 14 रुपये यानी आठ प्रतिशत का फायदा हो गया।
ऑप्टिमिस्टिक्स एंटरटेनमेंट इंडिया का 108.50 करोड़ रुपये का आईपीओ 7 से 11 अगस्त के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से फीका रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 1.72 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व पोर्शन 1.34 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसी तरह नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए रिजर्व पोर्शन में 1.82 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। जबकि रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 2.23 गुना सब्सक्राइब हो सका था।
इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले कुल 62 लाख शेयर जारी हो रहे हैं। इनमें 88 करोड़ रुपये के 50 लाख नए शेयर जारी किये जा रहे हैं, जबकि 20.50 करोड़ रुपये के 12 लाख शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिये बेचे जा रहे हैं। आईपीओ में नए शेयरों की बिक्री के जरिये जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी अपनी वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
ऑप्टिमिस्टिक्स एंटरटेनमेंट इंडिया की वित्तीय स्थिति की बात करें तो कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास जमा कराए गए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 6.69 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 17.24 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। वहीं पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी को 24.04 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में भी बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2023-24 में इसे 54.99 करोड़ रुपये का कुल राजस्व प्राप्त हुआ, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 125.07 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। वहीं पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी को 135.89 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था।
इस अवधि में कंपनी पर लदा कर्ज का बोझ भी पूरी तरह से खत्म हो गया। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी पर नौ लाख रुपये के कर्ज का बोझ था, जो अगले वित्त वर्ष 2024-25 में भुगतान कर दिए जाने की वजह से खत्म हो गया। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 तक यह कंपनी पूरी तरह से कर्जमुक्त थी।
इस अवधि में कंपनी के नेटवर्थ में भी बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2023-24 में ये 59.66 करोड़ रुपये के स्तर पर था। इसी तरह 2024-25 में कंपनी का नेटवर्थ बढ़ कर 97.19 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। वहीं पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में ये 131.47 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।
कंपनी के रिजर्व और सरप्लस की बात करें तो इस अवधि में कंपनी इस मोर्चे पर भी बढ़त हासिल करने में सफल रही है। वित्त वर्ष 2023-24 में ये कंपनी का रिजर्व और सरप्लस 59.30 करोड़ रुपये के स्तर पर था। इसी तरह 2024-25 में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस उछल कर 96.65 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। वहीं पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस 113.20 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।
इसी तरह ईबीआईटीडीए (अर्निंग बिफोर इंट्रेस्ट, टैक्सेज, डिप्रेशिएशंस एंड एमॉर्टाइजेशन) 2023-24 में 4.48 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो 2024-25 में बढ़ कर 23.93 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। वहीं पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का ईबीआईटीडीए उछल कर 31.10 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

