home page

सीमित दायरे में कारोबार करने के बाद मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ बाजार, निवेशकों के 59 हजार करोड़ डूबे

 | 
सीमित दायरे में कारोबार करने के बाद मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ बाजार, निवेशकों के 59 हजार करोड़ डूबे


नई दिल्ली, 10 अगस्त (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज पूरे दिन सीमित दायरे में कारोबार करने के बाद सपाट स्तर पर मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। आज की कारोबार की शुरुआत भी सपाट स्तर पर मामूली बढ़त के साथ ही हुई थी। बाजार खुलने के बाद ग्लोबल मार्केट के परस्पर विपरीत संकेतों की वजह से लिवालों और बिकवालों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक मामूली उतार-चढ़ाव के साथ कारोबार करते रहे। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.06 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी ने 0.05 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

बीएसई का सेंसेक्स आज 2.42 अंक की सांकेतिक तेजी के साथ 78,501.59 अंक के स्तर पर खुला। बाजार खुलने के तुरंत बाद खरीदारी शुरू हो जाने के कारण पहले पांच मिनट में ही यह सूचकांक 177.81 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की उछाल के साथ 78,676.98 अंक के स्तर पर पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स ने आधे घंटे के कारोबार में ही अपनी सारी बढ़त गंवा दी।

कुछ देर में ही ये सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 375 अंक से अधिक लुढ़क कर 200.25 अंक यानी 0.26 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 78,298.92 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से सुबह 10:30 बजे तक ही यह सूचकांक रिकवर कर दोबारा हरे निशान में पहुंच गया। इसके बाद पूरे दिन यह सूचकांक मामूली उतार-चढ़ाव के साथ कारोबार करता रहा। दिनभर हुई खरीद बिक्री के बाद सेंसेक्स 43.27 अंक की मामूली बढ़त के साथ 78,542.44 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 10.60 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की मामूली उछाल के साथ 24,581.25 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण पहले पांच मिनट में ही यह सूचकांक 50.30 अंक यानी 0.20 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,620.95 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण निफ्टी की चाल में कमजोरी आने लगी।

बिकवाली के दबाव के कारण पहले आधे घंटे के कारोबार में ही यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से लगभग 110 अंक फिसल कर 59.55 अंक यानी 0.24 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,511.10 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद पूरे दिन यह सूचकांक सीमित दायरे में मामूली उतार-चढ़ाव के साथ कारोबार करता रहा। पूरे दिन हुई लिवाली और बिकवाली के बाद निफ्टी 13.15 अंक की सांकेतिक मजबूती के साथ 24,583.80 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान रियल्टी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और प्राइवेट बैंक सेक्टर के शेयरों में लगातार खरीदारी होती रही। इसी तरह आईटी, कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी और मेटल इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, पीएसयू बैंक और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर के शेयरों में बिकवाली का दबाव बना रहा। इसके साथ ही पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, हेल्थकेयर और ऑटोमोबाइल इंडेक्स भी कमजोरी के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज मिला-जुला कारोबार होता रहा। निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.62 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में दिन भर हुए उतार चढ़ाव के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में लगभग साठ हजार करोड़ रुपये की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 494.22 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 494.81 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 59 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,645 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,225 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,226 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 194 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। वहीं एनएसई में आज 3,067 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,518 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,549 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 18 शेयर बढ़त के साथ, 11 शेयर गिरावट के साथ और एक शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 25 शेयर हरे निशान में, 23 शेयर लाल निशान में और दो शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए।

आज पूरे दिन हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टाइटन कंपनी 3.02 प्रतिशत, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 2.44 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 2.24 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 2.04 प्रतिशत और ग्रासिम इंडस्ट्रीज 1.73 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 2.39 प्रतिशत, एटरनल 1.51 प्रतिशत, आईटीसी 1.21 प्रतिशत, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज 1.13 प्रतिशत और टीसीएस 1.10 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक