शेयर बाजार के लिए ब्लैक मंडे बना आज का दिन, निवेशकों के 5.68 लाख करोड़ स्वाहा
नई दिल्ली, 11 मई (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव को टालने के लिए प्रस्तावित शांति वार्ता के एक बार फिर टल जाने, कच्चे तेल की कीमत में उछाल आने और कमजोर ग्लोबल संकेतों के कारण घरेलू शेयर बाजार के लिए आज का दिन ब्लैक मंडे बन गया। आज के कारोबार की शुरुआत भी गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद बिकवाली के दबाव में दोपहर 11 बजे तक सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल कमजोर होती गई। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे बाजार में कुछ सुधार भी हुआ। हालांकि दोपहर दो बजे के बाद एक बार फिर बिकवाली का जबरदस्त दबाव बन गया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक 1.50 प्रतिशत से भी अधिक की कमजोरी का शिकार हो गए। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.70 प्रतिशत और निफ्टी 1.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स और कंज्यूमर ड्युरेबल्स सेक्टर के शेयरों में जम कर बिकवाली होती रही। इसी तरह आईटी, एफएमसीजी, मेटल, ऑयल एंड गैस, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, निफ्टी के हेल्थ केयर और फार्मा इंडेक्स मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.05 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब साढ़े पांच लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 467.43 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 473.11 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 5.68 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,538 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,457 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,892 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 189 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,986 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 782 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,204 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से छह शेयर बढ़त के साथ और 24 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 13 शेयर हरे निशान में और 37 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 690.10 अंक की कमजोरी के साथ 76,638.09 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के थोड़ी देर बाद खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक मामूली रिकवरी के साथ 76,678.52 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बिकवाली का दबाव बढ़ गया। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से सेंसेक्स पहले घंटे के कारोबार के बाद 1,100 अंक से भी अधिक टूट कर 76,165.57 अंक के स्तर तक आ गया।
इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। दोपहर दो बजे तक खरीदार लिवाली का जोर बढ़ाने की कोशिश करते रहे। इसके बाद बिकवालों ने एक बार फिर दबाव बना दिया, जिससे इस सूचकांक की कमजोरी दोबारा बढ़ने लगी। बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक 1,370.79 अंक टूट कर 75,957.40 अंक के स्तर तक गिर गया। पूरे दिन हुई खरीद बिक्री के बाद सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से मामूली रिकवरी कर 1,312.91 अंक फिसल कर 76,015.28 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 206.05 अंक लुढ़क कर 23,970.10 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद खरीदारी के सपोर्ट से इस सूचकांक की चाल में मामूली सुधार भी होता हुआ नजर आया, लेकिन थोड़ी देर बाद ही मंदड़ियों ने बिकवाली का दबाव बना दिया। बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक सुबह 10:30 बजे के करीब 23,845.30 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने दोबारा लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में दोबारा रिकवरी होता हुआ नजर आने लगा।
खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर दो बजे के करीब निफ्टी सुधर कर 23,997.45 अंक के स्तर तक पहुंचा। इसके बाद एक बार फिर बिकवालों ने चौतरफा बिकवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ने लगी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने का थोड़ी देर पहले यह सूचकांक 377.05 अंक लुढ़क कर 23,799.10 अंक के स्तर तक आ गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी निचले स्तर से मामूली रिकवरी कर 360.30 अंक की गिरावट के साथ 23,815.85 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिन भर की खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 8.06 प्रतिशत, मैक्स हेल्थकेयर 2.51 प्रतिशत, कोल इंडिया 1.76 प्रतिशत, सन फार्मास्यूटिकल्स 1.34 प्रतिशत और हिंदुस्तान यूनिलीवर 0.85 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टाइटन कंपनी 6.73 प्रतिशत, इंटर ग्लोब एवियशन 4.94 प्रतिशत, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 4.48 प्रतिशत, एटरनल 4.10 प्रतिशत और भारती एयरटेल 4.07 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

