home page

शुरुआती कमजोरी के बाद मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

 | 
शुरुआती कमजोरी के बाद मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी उछले


- निवेशकों को एक दिन में 4.79 लाख करोड़ का मुनाफा

नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। शुरुआती कारोबार में उतार चढ़ाव का सामना करने के बाद घरेलू शेयर बाजार आज मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। आज के कारोबार की शुरुआत मामूली कमजोरी के साथ हुई थी। पहले आधे घंटे तक सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल लगातार ऊपर नीचे होती रही। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे बाजार में तेजी का रुख बन गया। हालांकि दोपहर 12 बजे के करीब एक बार फिर मुनाफा वसूली का दबाव बनता हुआ नजर आया, लेकिन थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने दोबारा लिवाली का जोर बना दिया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक 65 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के बाद ज्यादा सेक्टोरल इंडेक्स मजबूती के साथ में बंद हुए। दिन के कारोबार में कैपिटल गुड्स और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में जम कर खरीदारी होती रही। इस खरीदारी के सपोर्ट से बीएसई का एफएमसीजी इंडेक्स 2.57 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह कैपिटल गुड्स इंडेक्स 2.19 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ।

इसके अलावा बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, हेल्थ केयर, मेटल, ऑयल एंड गैस, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, रियल्टी और टेक इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, आईटी सेक्टर के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.27 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.48 प्रतिशत की बढ़त के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में पौने पांच लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 465.59 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 460.80 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 4.79 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में एनएसई में 2,985 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,200 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 785 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 24 शेयर बढ़त के साथ और 6 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 39 शेयर हरे निशान में और 11 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 12.55 अंक की मामूली कमजोरी के साथ 77,976.13 अंक के स्तर पर खुला। शुरुआती कारोबार में लिवालों और बिकवालों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश होती रही, जिसके कारण इस सूचकांक की चाल में भी उतार चढ़ाव होता रहा। बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स 262.45 अंक की कमजोरी के साथ 77,726.23 अंक के स्तर तक गिर गया।

इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। हालांकि दिन के कारोबार में यदा-कदा मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली के झटके भी लगते रहे। इसके बावजूद इस सूचकांक की रफ्तार बनी रही।

लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले निचले स्तर से 827.22 अंक की छलांग लगा कर 564.77 अंक की मजबूती के साथ 78,553.45 अंक के स्तर पर पहुंच गया। दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद सेंसेक्स 504.86 अंक की तेजी के साथ 78,493.54 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 30.85 अंक टूट कर 24,165.90 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद पहले आधे घंटे तक इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होता रहा। बिकवाली के दबाव में निफ्टी 100.70 अंक की कमजोरी के साथ 24,096.05 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा।

लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से आज का कारोबार खत्म होने के कुछ देर पहले निफ्टी निचले स्तर से 275.85 अंक उछल कर 175.15 अंक की बढ़त के साथ 24,371.90 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट के कारण हुई मामूली बिकवाली के कारण निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से करीब 20 अंक फिसल कर 156.80 अंक की मजबूती के साथ 24,353.55 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से हिंदुस्तान यूनिलीवर 4.75 प्रतिशत, नेस्ले इंडिया 2.24 प्रतिशत, जेएसडब्ल्यू स्टील 2.09 प्रतिशत, अपोलो हॉस्पिटल 1.93 प्रतिशत और पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 1.87 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर विप्रो 2.83 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 2.38 प्रतिशत, सन फार्मास्युटिकल्स 1.04 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.69 प्रतिशत और लार्सन एंड टूब्रो 0.58 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक