home page

वैश्विक दबाव में लगातार तीसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को लगी 3.47 लाख करोड़ की चपत

 | 
वैश्विक दबाव में लगातार तीसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को लगी 3.47 लाख करोड़ की चपत


नई दिल्ली, 09 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम एशिया के तनाव और कच्चे तेल की कीमत में आई तेजी के कारण घरेलू शेयर बाजार भी आज लगातार तीसरे कारोबारी दिन गिरावट के साथ का शिकार हो गया। बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स आज 75,000 अंक के स्तर से भी नीचे चला गया। निफ्टी भी 23,500 अंक के स्तर से नीचे फिसल गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.08 प्रतिशत और निफ्टी 0.86 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए। शेयर बाजार में आज आई इस गिरावट की वजह से निवेशकों को 3.47 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

ईरान के ऑयल टैंकर्स पर अमेरिका के हमला करने और उसके जवाब में ईरान के जॉर्डन में अमेरिकी बेस पर मिसाइल दागने की वजह से पश्चिम एशिया में जारी तनाव आज चरम पर पहुंच गया था। दोनों देशों के हमलों की वजह से दुनिया भर में खलबली मची रही, जिसके कारण ज्यादातर देशों के शेयर बाजार में आज लगातार दबाव बना रहा। इसका असर भारतीय शेयर बाजार के कारोबार पर भी स्पष्ट नजर आया, जहां दिन में ज्यादातर समय बिकवाल हावी बने रहे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 361.36 अंक यानी 0.48 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75,216.22 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बढ़ जाने के कारण पहले मिनट में ही यह सूचकांक 600 अंक से अधिक की कमजोरी के साथ 74,968.99 अंक के स्तर पर आ गया। इसके तुरंत बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे सेंसेक्स की चाल में सुधार होने लगा।

शेयरों की लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर एक बजे से कुछ देर पहले यह सूचकांक करीब 280 अंक रिकवर कर 75,251.23 अंक तक पहुंचने में सफल रहा। इसके बाद बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से इस सूचकांक की कमजोरी एक बार फिर बढ़ने लगी। दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद सेंसेक्स 813.35 अंक यानी 1.08 प्रतिशत टूट कर 74,764.23 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 113.05 अंक यानी 0.48 प्रतिशत फिसल कर 23,522.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही जबरदस्त दबाव बन जाने के कारण यह सूचकांक लुढ़क कर 23,468.45 अंक के स्तर तक गिर गया। इस जबरदस्त गिरावट के बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे निफ्टी की चाल में सुधार होने लगा।

खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक दिन के दूसरे सत्र की शुरुआत में सौ अंक से अधिक की रिकवरी कर 23,571.55 अंक के स्तर पर आ गया। कारोबार के आखिरी घंटे में मंदड़ियों ने एक बार फिर चौतरफा बिकवाली शुरू कर दी, जिसकी वजह से यह सूचकांक लगातार गिरता चला गया। लगातार हो रही शेयरों की बिक्री की वजह से निफ्टी 203.60 अंक यानी 0.86 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,431.50 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान आईटी सेक्टर के शेयरों की जम कर बिकवाली होती रही। इस बिकवाली के कारण निफ्टी का आईटी इंडेक्स 3.24 प्रतिशत और बीएसई का टेक इंडेक्स 2.51 प्रतिशत टूट गया। इसी तरह रियल्टी, एफएमसीजी और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों की भी लगातार बिक्री होती रही। इसके अलावा मीडिया, ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, हेल्थकेयर और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए।

दूसरी ओर, मेटल सेक्टर के शेयरों कि आज जम कर खरीदारी होती रही, जिसके कारण बीएसई का मेटल इंडेक्स 1.88 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसके अलावा पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और एनर्जी इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.51 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.48 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में लगभग साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये की कमी आ गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 484.17 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 487.64 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 3.47 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,588 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,877 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,498 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 213 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,258 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,272 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,986 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 6 शेयर बढ़त के साथ और 24 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 13 शेयर हरे निशान में, 36 शेयर लाल निशान में और 1 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए।

आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अदानी एंटरप्राइजेज 5.13 प्रतिशत, मैक्स हेल्थकेयर 4.48 प्रतिशत, अदानी पोर्ट्स 3.80 प्रतिशत, कोल इंडिया 2.56 प्रतिशत और टाटा स्टील 2.50 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, इंफोसिस 4.34 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 3.71 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 3.70 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 3.27 प्रतिशत और विप्रो 2.62 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक