मुनाफावसूली के जाल में फंसा शेयर बाजार, कमजोरी के साथ बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी
- बाजार की कमजोरी के बावजूद निवेशकों को 2.28 लाख करोड़ का मुनाफा
नई दिल्ली, 16 अप्रैल (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज शुरुआती कारोबार में जोरदार मजबूती हासिल करने के बावजूद मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में थोड़ी तेजी और आई। हालांकि पहले आधे घंटे के कारोबार के बाद ही मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट आ गई। मुनाफा वसूली के दबाव की वजह से सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 1,055 अंक से अधिक लुढ़क गया। वहीं, निफ्टी ने भी ऊपरी स्तर से लगभग 300 अंक का गोता लगाया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.16 प्रतिशत और निफ्टी 0.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान आईटी, कैपिटल गुड्स और मेटल सेक्टर के शेयरों में लगातार खरीदारी होती रही। इसी तरह कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, ऑटोमोबाइल, बैंकिंग और ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयरों में लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में आज आमतौर पर खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.63 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.89 प्रतिशत की बढ़त के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के बावजूद मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में हुई खरीदारी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में सवा दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 460.83 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 458.55 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.28 लाख करोड़ का मुनाफा हो गया।
आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,494 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,809 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,538 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 147 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,968 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,965 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,003 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 14 शेयर बढ़त के साथ और 16 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 25 शेयर हरे निशान में और 25 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 566.32 अंक की मजबूती के साथ 78,677.56 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक उछल कर 78,730.32 अंक के स्तर पर पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स की चाल में गिरावट आने लगी। हालांकि खरीदार बीच-बीच में लिवाली का जोर बनाकर इस सूचकांक की चाल को तेज करने की कोशिश करते रहे। इसके बावजूद मुनाफा वसूली का दबाव इतना था कि यह सूचकांक लगातार लुढ़कता चला गया।
लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोपहर एक बजे के तक यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 1,055.39 अंक टूट कर 436.31 अंक की कमजोरी के साथ 77,674.93 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिसकी वजह से सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 313.75 अंक की रिकवरी कर 122.56 अंक की गिरावट के साथ 77,988.68 के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 153.90 अंक उछल कर 24,385.20 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक थोड़ी देर में ही उछल कर 24,400.95 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिससे इस सूचकांक की चाल भी कमजोर पड़ने लगी।
लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोपहर एक बजे के करीब निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 298.15 अंक फिसल कर 128.50 अंक की कमजोरी के साथ 24,102.80 अंक के स्तर पर आ गया। इस गिरावट के बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली शुरू कर दी। खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी दिन के निचले स्तर से 93.95 अंक सुधर कर 34.55 अंक की कमजोरी के साथ 24,196.75 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 2.81 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 2.77 प्रतिशत, ट्रेंट लिमिटेड 2.64 प्रतिशत, अदानी पोर्ट्स 2.51 प्रतिशत और एटरनल 2.44 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, एचडीएफसी बैंक 1.78 प्रतिशत, ओएनजीसी 1.69 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 1.40 प्रतिशत, टाइटन कंपनी 1.34 प्रतिशत और अपोलो हॉस्पिटल 1.16 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
-------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

