मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 113 अंक उछला, तो निफ्टी ने लगाया 40 अंक का गोता
नई दिल्ली, 13 अगस्त (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज पूरे दिन मिला-जुला कारोबार होता रहा। दिन के पहले सत्र में सेंसेक्स की एक्सपायरी के साथ ही बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में आई गिरावट और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के कारण बाजार में दबाव बना रहा। हालांकि दोपहर 11 बजे के बाद निचले स्तर से खरीदारी शुरू हो जाने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों ने काफी हद तक रिकवरी भी की। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.15 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। दूसरी ओर, निफ्टी ने रिकवरी के बावजूद 0.16 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
बीएसई का सेंसेक्स आज 145.56 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की मजबूती के साथ 78,111.91 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही यह सूचकांक पहले मिनट में मामूली बढ़त के साथ 78,119.39 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण सेंसेक्स गिरता चला गया। शेयरों की लगातार हो रही बिक्री के कारण सुबह 10:30 बजे तक यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 453.50 अंक टूट कर 300.46 अंक यानी 0.39 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 77,665.89 अंक के स्तर तक गिर गया।
हालांकि, दोपहर 11 बजे के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। दिन के दूसरे सत्र में भी मंदड़ियों ने बिकवाली का दबाव बनाने की कोशिश की, जिससे इस सूचकांक की चाल में थोड़ी गिरावट भी आई। अंत में खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसके कारण सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 414.07 अंक की रिकवरी कर 113.61 अंक की मजबूती के साथ 78,079.96 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के विपरीत एनएसई के निफ्टी ने आज सपाट स्तर पर सांकेतिक कमजोरी के साथ कारोबार की शुरुआत की। इस सूचकांक ने 4.35 अंक यानी 0.018 प्रतिशत की मामूली फिसलन के साथ 24,431.60 अंक के स्तर से कारोबार करना शुरू किया। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण निफ्टी ओपनिंग लेवल से 128.90 अंक टूट कर 124.55 अंक की कमजोरी के साथ 24,311.40 अंक के स्तर तक गिर गया।
दोपहर 11 बजे के बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। दिन के दूसरे सत्र में लिवालों और बिकवालों के बीच ज्यादातर समय खींचतान होती रही, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में भी उतार-चढ़ाव होता रहा। दिन के आखिरी वक्त में खरीदारों ने लिवाली का जबरदस्त जोर बनाया, जिससे यह सूचकांक निचले स्तर से 84.45 अंक सुधर कर 40.10 अंक की कमजोरी के साथ 24,395.85 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों की जम कर खरीदारी होती रही, जिसके कारण बीएसई का एफएमसीजी इंडेक्स 0.97 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसके अलावा रियल्टी, आईटी, ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, हेल्थकेयर और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए।
दूसरी ओर, मेटल सेक्टर के शेयर आज बिकवाली का शिकार हो गए। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से बीएसई का मेटल इंडेक्स 0.97 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसके अलावा बैंकिंग और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज आमतौर पर खरीदारी का माहौल बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.15 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.27 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान एनएसई में 3,047 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,489 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,558 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 19 शेयर बढ़त के साथ और 11 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 28 शेयर हरे निशान में और 22 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 2.69 प्रतिशत, टाटा मोटर्स पेसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (टीएमपीवी) 1.92 प्रतिशत, एनटीपीसी 1.41 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 1.41 प्रतिशत और श्रीराम फाइनेंस 1.35 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 2.99 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 1.74 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 1.56 प्रतिशत, ग्रासिम इंडस्ट्रीज 1.54 प्रतिशत और पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 1.06 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

