मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को एक दिन में 1.73 लाख करोड़ का मुनाफा
नई दिल्ली, 04 जून (हि.स.)। निचले स्तर से हुई वैल्यू बाइंग के कारण घरेलू शेयर बाजार आज शुरुआती कारोबार में गिरावट का सामना करने के बाद मामूली बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहा। आज के कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बढ़ जाने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की स्थिति और कमजोर हो गई। इसके थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने निचले स्तर से लिवाली शुरू कर दी, जिसके कारण सुबह 10 बजे तक के कारोबार में ही ये दोनों सूचकांक रिकवरी कर हरे निशान में पहुंचने में सफल रहे।
हालांकि 10 बजे के बाद पूरे दिन बाजार में लिवालों और बिकवालों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश चलती रही, जिसकी वजह से शेयर बाजार की चाल में भी एक सीमित दायरे में लगातार उतार चढ़ाव होता रहा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.02 प्रतिशत और निफ्टी 0.05 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, कैपिटल गुड्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों में लगातार खरीदारी होती रही। इसी तरह फार्मास्यूटिकल्स, बैंकिंग, एनर्जी, एफएमसीजी, ऑयल एंड गैस और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद होने में सफल रहे। दूसरी ओर आईटी और मेटल सेक्टर के शेयरों में आज लगातार दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में आज पूरे दिन खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.46 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.58 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब पौने दो लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 462.16 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 460.43 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.73 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,361 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,244 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,940 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 177 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,995 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,608 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,387 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 12 शेयर बढ़त के साथ और 18 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 23 शेयर हरे निशान में और 27 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 410.34 अंक की गिरावट के साथ 73,935.83 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बढ़ने पर यह सूचकांक 538.87 अंक फिसल कर 73,807.30 अंक के स्तर तक चला गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा।
लगातार हो रही लिवाली के सपोर्ट से सुबह 10:30 बजे के करीब यह सूचकांक निचले स्तर से 736.94 अंक की छलांग लगा कर 198.07 अंक की मजबूती के साथ 74,544.24 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद पूरे दिन लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान चलती रही, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में भी मामूली उतार चढ़ाव होता रहा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 13.84 अंक की मामूली बढ़त के साथ 74,360.01 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 123.15 अंक टूट कर 23,282.45 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली शुरू हो जाने के कारण थोड़ी देर में ही यह सूचकांक 158.30 अंक लुढ़क कर 23,247.30 अंक के स्तर तक चला गया। इसके बाद खरीदारों ने एक्टिव होकर लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा।
बिकवाली के मामूली झटकों का सामना करने के बावजूद लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर 12 बजे के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक निचले स्तर से 218 अंक की रिकवरी कर 59.70 अंक की तेजी के साथ 23,465.30 अंक के स्तर तक पहुंच गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी 10.95 अंक की मामूली मजबूती के साथ 23,416.55 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिनभर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टाइटन कंपनी 3.48 प्रतिशत, एटरनल 2.98 प्रतिशत, कोल इंडिया 1.98 प्रतिशत, सिप्ला 1.71 प्रतिशत और अडानी इंटरप्राइजेज 1.61 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, इंफोसिस 1.74 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 1.42 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 1.17 प्रतिशत, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 1.08 प्रतिशत और अल्ट्राटेक सीमेंट 0.94 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

