home page

निचले स्तर से रिकवरी के बावजूद गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों के 2.97 लाख करोड़ डूबे

 | 
निचले स्तर से रिकवरी के बावजूद गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों के 2.97 लाख करोड़ डूबे


नई दिल्ली, 29 सितंबर (हि.स.)। कमजोर ग्लोबल संकेतों की वजह से बने निगेटिव माहौल में घरेलू शेयर बाजार आज निचले स्तर से काफी हद तक रिकवर करने के बावजूद गिरावट के साथ ही बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण पहले आधे घंटे में ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक बड़ी गिरावट का शिकार हो गए।

इसके बाद खरीदारों ने जोर लगाया, जिसकी वजह से दोपहर 12 बजे तक ये दोनों सूचकांक काफी हद तक रिकवर करने में सफल रहे। दिन के दूसरे सत्र में एक बार फिर बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इन दोनों सूचकांकों की रफ्तार थम गई। दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद सेंसेक्स 0.33 प्रतिशत और निफ्टी 0.28 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 138.04 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72,633.68 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के तुरंत बाद हुई मामूली खरीदारी के कारण यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 50 अंक उछल कर 72,684.90 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण सेंसेक्स गिरता चला गया।

शेयरों की लगातार हो रही बिक्री के कारण पहले आधे घंटे के कारोबार में ही यह सूचकांक 707.72 अंक यानी 0.97 प्रतिशत फिसल कर 72,064 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे सेंसेक्स की चाल में सुधार होने लगा। लिवाली के सपोर्ट से यह सूचकांक दोपहर 12 बजे के करीब 72,656 अंक तक पहुंचा।

इसके बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई। दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 465.07 अंक की रिकवरी कर 242.65 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 72,529.07 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 47.80 अंक यानी 0.21 प्रतिशत लुढ़क कर 22,732.45 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के तुरंत बाद हुई मामूली खरीदारी के कारण यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 21 अंक उछल कर 22,753.20 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से निफ्टी की चाल भी कमजोर पड़ने लगी।

लगातार हो रही बिकवाली के कारण पहले आधे घंटे में ही यह सूचकांक 210.60 अंक यानी 0.92 प्रतिशत टूट कर 22,569.65 अंक के स्तर तक गिर गया इसके बाद खरीदारों में बाजार को सहारा देने के लिए लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। लगातार हो रही खरीदारी का सपोर्ट से दोपहर 12 बजे के करीब यह सूचकांक उछल कर 22,743.65 अंक के स्तर तक पहुंच गया।

इसके बाद बाजार में एक बार फिर शेयरों की बिक्री शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल कमजोर पड़ने लगी। दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद निफ्टी दिन के निचले स्तर से 146.55 अंक सुधर कर 64.05 अंक यानी 0.28 प्रतिशत थे गिरावट के साथ 22,716.20 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, आईटी और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों की लगातार बिक्री होती रही। इस बिक्री की वजह से बीएसई का कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स 1.97 प्रतिशत टूट गया। इसी तरह निफ्टी का आईटी इंडेक्स 1.48 प्रतिशत लुढ़क गया, जबकि निफ्टी का ऑटो इंडेक्स 1.33 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसके अलावा बैंकिंग, कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।

दूसरी ओर, मेटल सेक्टर के शेयरों की आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण बीएसई का मेटल इंडेक्स 0.86 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसके अलावा फार्मास्यूटिकल और मीडिया सेक्टर के शेयरों में भी आज खरीदारी के सपोर्ट से तेजी का रुख बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में आज लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसकी वजह से निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.99 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.81 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई गिरावट के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में लगभग तीन लाख करोड़ रुपये की कमी आ गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 472.47 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 475.44 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.97 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,596 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,975 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,405 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 216 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,253 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,388 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,865 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 12 शेयर बढ़त के साथ और 18 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 16 शेयर हरे निशान में और 34 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज 2.53 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा 1.11 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 5.01 प्रतिशत, अदानी पोर्ट्स 4.49 प्रतिशत और टाटा स्टील 0.91 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टाइटन कंपनी 2.72 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 2.29 प्रतिशत, टीसीएस 1.72 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 1.57 प्रतिशत और हिंदुस्तान यूनिलीवर 1.53 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक