home page

देश का विदेशी मुद्रा भंडार 10.51 अरब डॉलर बढ़कर 692.87 अरब डॉलर पर पहुंचा

 | 
देश का विदेशी मुद्रा भंडार 10.51 अरब डॉलर बढ़कर 692.87 अरब डॉलर पर पहुंचा


नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार पांचवें हफ्ते इजाफा दर्ज हुआ है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 31 जुलाई को समाप्त हफ्ते में 10.51 अरब डॉलर बढ़कर 692.87 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को आंकड़ों में बताया कि 31 जुलाई को समाप्त हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 10.51 अरब डॉलर बढ़कर 692.87 अरब डॉलर रहा। इससे पिछले हफ्ते विदेशी मुद्रा भंडार 6.12 अरब डॉलर की बढ़त के साथ 682.35 अरब डॉलर रहा था। आंकड़ों के अनुसार 31 जुलाई को समाप्त हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार में सबसे बड़ी हिस्सेदारी रखने वालीं विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां भी 8.75 अरब डॉलर बढ़कर 564.68 अरब डॉलर हो गईं। साथ ही स्वर्ण भंडार का मूल्य 1.68 अरब डॉलर बढ़कर 104.74 अरब डॉलर हो गया।

आरबीआई के मुताबिक इस दौरान विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 4.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.67 अरब डॉलर पर पहुंच गए। आंकड़ों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में देश का आरक्षित भंडार भी 2.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.78 अरब डॉलर हो गया।

पिछले महीने केंद्र सरकार और आरबीआई ने देश में विदेशी मुद्रा प्रवाह बढ़ाने के लिए एफसीएनआर (बी) समेत कई उपायों की घोषणा की थी। इन प्रयासों से अब तक लगभग 32 अरब डॉलर प्राप्त हो चुके हैं। इस साल 27 फरवरी को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 728.49 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर