home page

दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद लाल निशान में बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 6.73 लाख करोड़ की चपत

 | 
दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद लाल निशान में बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 6.73 लाख करोड़ की चपत


नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारी सीजन के बीच आज घरेलू शेयर बाजार शुरुआती बढ़त गंवा कर लगातार दूसरे कारोबारी दिन गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत शानदार बढ़त के साथ हरे निशान में हुई थी, लेकिन बाजार खुलने के कुछ देर बाद ऊपरी स्तर से शुरू हुई मुनाफावसूली के कारण बिकवाली का ऐसा दबाव बना, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक अपने ऊपरी स्तर से बुरी तरह लुढ़क गए।

हालांकि, दिन के कारोबार के दौरान आईटी शेयरों के सहारे बाजार ने निचले स्तरों से रिकवरी करने की जोरदार कोशिश भी की लेकिन वैश्विक दबाव और अन्य हैवीवेट शेयरों में मुनाफावसूली के कारण ये रिकवरी टिकाऊ नहीं हो सकी। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी ने 0.34 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

बिकवाली के इस झटके से सेंसेक्स ने आज दिन के ऊपरी स्तर से 1,450 अंक से अधिक का गोता लगाया। इसी तरह निफ्टी भी ऊपरी स्तर से 470 अंक से अधिक की गिरावट के साथ 23,000 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के नीचे फिसल कर बंद होने पर मजबूर हो गया। पूरे दिन के उतार-चढ़ाव बाजार में हुई जोरदार बिकवाली के कारण शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति में लगभग 6.73 लाख करोड़ रुपये की बड़ी गिरावट आ गई।

बीएसई का सेंसेक्स आज पिछले क्लोजिंग लेवल 73,852.90 अंक के मुकाबले 485.03 अंक यानी 0.66 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,337.93 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में लिवाली शुरू हो गई, जिसके कारण थोड़ी देर में ही ये सूचकांक 829.29 अंक यानी 1.12 प्रतिशत उछल कर 74,682.19 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि ये तेजी अधिक देर तक टिक नहीं सकी। पहले बीस मिनट के कारोबार के बाद ही बाजार में मनाफावसूली का दौर शुरू हो गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स अपनी शुरुआती बढ़त गंवा कर लाल निशान में गिर गया।

कमजोरी के इस दौर में सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 1,452.74 अंक लुढ़क कर 623.45 अंक यानी 0.84 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 73,229.45 अंक के स्तर तक फिसल गया। हालांकि, बाद में निचले स्तर पर हुई आईटी शेयरों की खरीदारी के सपोर्ट से ये सूचकांक थोड़ा संभलने में सफल रहा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स दिन के अपने निचले स्तर से 480.24 अंक सुधर कर 143.21 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,709.69 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 127.05 अंक यानी 0.55 प्रतिशत की बढ़त लेकर 23,016.00 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से कुछ देर में ही ये सूचकांक 231.95 अंक यानी 1.01 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,120.90 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई। बिकवालों के हावी हो जाने से निफ्टी भी अपनी पूरी बढ़त गंवा कर लाल निशान में गिर गया। लगातार हो रही बिकवाली के कारण यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 471 अंक फिसल कर 239.05 अंक यानी 1.04 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,649.90 अंक के निचले स्तर तक आ गया।

इसके बाद शेयर बाजार को आईटी सेक्टर्स के दिग्गज शेयरों में हुई खरीदारी से थोड़ा सहारा मिला, जिससे निफ्टी ने क्लोजिंग से ठीक पहले रिकवरी की कोशिश भी की। दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद निफ्टी निचले स्तर से 161.45 अंक सुधर कर 77.60 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,811.35 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान केवल आईटी सेक्टर के शेयरों में ही शानदार हलचल देखी गई, जिसकी वजह से निफ्टी का आईटी इंडेक्स 2.88 प्रतिशत की जबरदस्त मजबूती हासिल करने में सफल रहा। इसके विपरीत, बैंकिंग और ऑटो सेक्टर में आज लगातार मुनाफावसूली का रुख बना रहा, जिसकी वजह से निफ्टी बैंक इंडेक्स 0.92 प्रतिशत और निफ्टी ऑटो इंडेक्स 1.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

इसी तरह निफ्टी फाइनेंस सर्विस इंडेक्स 1.18 प्रतिशत और एफएमसीजी इंडेक्स 0.58 प्रतिशत की कमजोरी के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट की बात करें तो वहां भी बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके चलते निफ्टी का मिडकैप 100 इंडेक्स 1.58 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 2.37 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई इस गिरावट के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब पौने सात लाख करोड़ रुपये की भारी कमी दर्ज की गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घटकर 461.78 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) के स्तर पर आ गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इन कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन 468.51 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया था। इस तरह निवेशकों की कुल जमा पूंजी में से आज लगभग 6.73 लाख करोड़ रुपये का बड़ा हिस्सा स्वाहा हो गया।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान एनएसई में 3,297 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 459 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,838 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 10 शेयर बढ़त के साथ, 19 शेयर गिरावट के साथ और एक शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 13 शेयर हरे निशान में और 37 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से इन्फोसिस 3.30 प्रतिशत, एचसीएल टेक 3.21 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 3.13 प्रतिशत, टीसीएस 2.77 प्रतिशत और अल्ट्राटेक सीमेंट 1.87 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल होने में सफल रहे। दूसरी ओर, भारी बिकवाली के झटके के कारण बजाज फाइनेंस 3.27 प्रतिशत, एटरनल 2.45 प्रतिशत, आयशर मोटर्स 2.43 प्रतिशत, अडानी एंटरप्राइजेज 2.37 प्रतिशत और नेस्ले 1.51 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में आ गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक