home page

घरेलू शेयर बाजार में तीन दिन की तेजी के बाद लगा ब्रेक, बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी

 | 
घरेलू शेयर बाजार में तीन दिन की तेजी के बाद लगा ब्रेक, बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी


- बाजार की कमजोरी के बावजूद 69 हजार करोड़ के फायदे में रहे निवेशक

नई दिल्ली, 22 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के जल्द खत्म होने की उम्मीद को झटका लगने की वजह से घरेलू शेयर बाजार आज गिरावट का शिकार हो गया। इस तरह लगातार तीन कारोबारी दिन तक मजबूती के साथ कारोबार करने के बाद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों ने आज कमजोरी के साथ कारोबार का अंत किया। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के तुरंत बाद मामूली खरीदारी भी हुई, लेकिन इसके बाद बिकवाली का दबाव बढ़ता चला गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की कमजोरी भी बढ़ती गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.95 प्रतिशत और निफ्टी 0.81 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान आईटी, टेक, बैंकिंग और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों में लगातार बिकवाली होती रही। जोरदार बिकवाली के कारण निफ्टी का आईटी इंडेक्स इंट्रा-डे में पांच प्रतिशत तक फिसल गया। हालांकि, बाद में आईटी इंडेक्स 3.89 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। दूसरी ओर, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, ऑयल एंड गैस और मेटल इंडेक्स मजबूती के साथ हरे निशान में बंद होने में सफल रहे। ब्रॉडर मार्केट में भी आज आमतौर पर खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.19 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स 1.13 प्रतिशत की उछाल के साथ बंद होने में सफल रहा।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के बावजूद मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में हुई खरीदारी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 65 हजार करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 469.36 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 468.67 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 69 हजार करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,422 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,440 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,838 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 144 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,953 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,727 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,226 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 11 शेयर बढ़त के साथ और 19 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 20 शेयर हरे निशान में और 30 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 253.99 अंक की कमजोरी के साथ 79,019.34 अंक के स्तर पर खुला।

कारोबार की शुरुआत होते ही यह सूचकांक उछल कर 79,031.03 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बिकवाली शुरू हो गई, जिससे इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ने लगी। सुबह 10:30 बजे के बाद एक बार फिर खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे सेंसेक्स की चाल में सुधार होने लगा। हालांकि, यह सुधार अधिक देर तक टिक नहीं सका। बाजार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिससे इस सूचकांक की चाल में दोबारा गिरावट आ गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 756.84 अंक टूट कर 78,516.49 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 105.75 अंक लुढ़क कर 24,470.85 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से थोड़ी देर में ही यह सूचकांक उछल कर 24,515.95 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिससे निफ्टी की कमजोरी दोबारा बढ़ने लगी। हालांकि, दिन के कारोबार में खरीदारों ने कई बार लिवाली का जोर बना कर इस सूचकांक की चाल को सहारा देने की कोशिश भी की, लेकिन बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि खरीदारों की कोई भी कोशिश सफल नहीं हो सकी।

बिकवाली के दबाव की वजह से यह सूचकांक 223.70 अंक की कमजोरी के साथ 24,352.90 अंक के स्तर तक गिर गया। हालांकि, कारोबार के आखिरी वक्त में इंट्रा-डे सेटलमेंट के वजह से हुई खरीदारी के कारण निफ्टी निचले स्तर से करीब 25 अंक की रिकवरी कर 198.50 अंक की कमजोरी के साथ 24,378.10 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट 3.20 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 2.51 प्रतिशत, एनटीपीसी 2.32 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 1.79 प्रतिशत और टीएमपीवी 1.67 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, एचसीएल टेक्नोलॉजी 10.82 प्रतिशत, इंफोसिस 3.40 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 3.01 प्रतिशत, टीसीएस 2.76 प्रतिशत और टेक महिंद्रा 2.55 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक