home page

ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में भी मिला-जुला कारोबार

 | 
ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में भी मिला-जुला कारोबार


नई दिल्ली, 28 अप्रैल (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज तेजी के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान दबाव बना रहा। जबकि एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है।

अमेरिकी स्टॉक मार्केट पिछले सत्र के दौरान मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 62.67 अंक यानी 0.13 प्रतिशत गिर कर 49,168.04 अंक के स्तर पर आ गया। दूसरी ओर, एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.12 प्रतिशत की मजबूती के साथ 7,173.91 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 0.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,887.10 अंक के स्तर पर बंद हुआ। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.15 प्रतिशत उछल कर 49,243.41 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली होती रही। एफटीएसई इंडेक्स 0.56 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 10,321.09 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.20 प्रतिशत टूट कर 8,141.92 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,083.53 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ प्रमुख बाजार में से पांच के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि चार सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में बने हुए हैं।

स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.26 प्रतिशत की मजबूती के साथ 4,905.58 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स 145.56 यानी 0.37 प्रतिशत की तेजी के साथ 39,762.19 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। कोस्पी इंडेक्स ने आज बड़ी छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 1.04 प्रतिशत उछल कर 6,684.29 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,481.58 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।

दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 0.34 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,010.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.79 प्रतिशत टूट कर 7,050.66 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा निक्केई इंडेक्स 473.36 अंक यानी 0.78 प्रतिशत की गिरावट के साथ 60,064 अंक के स्तर पर, हैंग सेंग इंडेक्स 187.65 अंक यानी 0.72 प्रतिशत लुढ़क कर 25,738 अंक के स्तर पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.07 प्रतिशत फिसल कर 4,083.47 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक