home page

ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में भी मिला-जुला कारोबार

 | 
ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में भी मिला-जुला कारोबार


नई दिल्ली, 07 अप्रैल (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में छुट्टी होने की वजह से पिछले सत्र के दौरान कोई कारोबार नहीं हुआ। वहीं एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है।

पश्चिम एशिया में जारी जंग को रोकने के लिए सोमवार को आए दो शांति प्रस्तावों की वजह से अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान उत्साह का माहौल बना रहा। इस उत्साह के कारण वॉल स्ट्रीट के सूचकांक बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहे। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 165.21 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की मजबूती के साथ 46,669.88 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.44 प्रतिशत की तेजी के साथ 6,611.83 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 117.16 अंक यानी 0.54 प्रतिशत उछल कर 21,996.34 अंक के स्तर पर बंद हुआ। दूसरी ओर, ईरान द्वारा युद्ध रोकने के दोनों प्रस्तावों को खारिज कर दिए जाने की वजह से आज डाउ जॉन्स फ्यूचर्स 0.15 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 46,601.01 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है। एशिया के नौ बाजार में से पांच के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि तीन सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। हांगकांग स्टॉक एक्सचेंज में छुट्टी होने की वजह से हैंग सेंग इंडेक्स में आज कोई उतार-चढ़ाव होता हुआ नजर नहीं आ रहा है।

गिफ्ट निफ्टी 152.50 अंक यानी 0.66 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,848.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,958.44 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा निक्केई इंडेक्स 64.68 अंक यानी 0.12 प्रतिशत फिसल कर 53,349 अंक के स्तर तक गिर गया है।

दूसरी ओर, कोस्पी इंडेक्स 0.22 प्रतिशत की मजबूती के साथ 5,462.05 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.28 प्रतिशत उछल कर 1,458 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। ताइवान वेटेड इंडेक्स में आज अच्छी तेजी नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 485.02 अंक यानी 1.49 प्रतिशत की बढ़त के साथ 33,057.45 अंक के स्तर तक आ गया है। इसके अलावा जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.42 प्रतिशत की छलांग लगा कर 7,019.08 अंक के स्तर पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.03 प्रतिशत की मामूली मजबूती के साथ 3,881.17 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक