home page

ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत, एशिया में मिला-जुला कारोबार

 | 
ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत, एशिया में मिला-जुला कारोबार


नई दिल्ली, 05 नवंबर (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान शानदार बढ़त के साथ बंद हुए थे। डाउ जोन्स फ्यूचर्स भी आज सुबह मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार उत्साह बना रहा, जहां प्रमुख सूचकांकों में जोरदार तेजी दर्ज की गई थी। दूसरी ओर, एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है। हालांकि भारतीय बाजार के लिए शुरुआती संकेत काफी मजबूत नजर आ रहे हैं।

अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान वॉल स्ट्रीट पर बेहतरीन रिकवरी देखने को मिली। अमेरिकी कांग्रेस में डेमोक्रेट्स की जीत के बाद राजनीतिक अनिश्चितता कम होने से निवेशकों में उत्साह बना हुआ नजर आया, जिससे सूचकांकों में मजबूती आई। हालांकि, एआई को लेकर कड़े नियमों की आशंका के चलते डेटा सेंटर कंपनियों के शेयरों में कुछ गिरावट भी दर्ज की गई। बुधवार के सत्र में डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1,569.40 अंक यानी तीन प्रतिशत की जोरदार तेजी के साथ 53,356.12 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एसएंडपी 500 इंडेक्स 119.70 अंक यानी 1.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 7,688.62 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसके साथ ही टेक कंपनियों से जुड़े नैस्डैक कंपोजिट ने भी 364.50 अंक यानी 1.44 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,736.51 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं, डाउ जोन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 119.18 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की बढ़त के साथ 53,475.30 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

अमेरिकी बाजार की तर्ज पर यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान खरीदार पूरी तरह हावी रहे। जर्मनी का डीएएक्स इंडेक्स 573.05 अंक यानी 2.17 प्रतिशत की बड़ी बढ़त दर्ज करते हुए 26,437.67 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह फ्रांस के सीएसी इंडेक्स ने 157.58 अंक यानी 1.93 प्रतिशत की शानदार तेजी के साथ 8,177.89 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं ब्रिटेन का एफटीएसई इंडेक्स भी 190.78 अंक यानी 1.76 प्रतिशत की मजबूती दिखाते हुए 10,829.21 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

ग्लोबल मार्केट के इन संकेतों के बीच एशियाई बाजार में आज सुबह मिला-जुला रुख बना हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ प्रमुख बाजार में से पांच के सूचकांक बिकवाली के दबाव में लाल निशान में बने हुए हैं, जबकि चार सूचकांकों में फिलहाल बढ़त बनी हुई है। राहत की बात यह है कि भारतीय बाजार के लिए शुरुआती संकेत देने वाले गिफ्ट निफ्टी में आज सुबह तेज उछाल का रुख बना हुआ है, जो घरेलू बाजार के लिए बेहतरीन संकेत हैं। फिलहाल यह सूचकांक 418 अंक यानी 1.75 प्रतिशत की जोरदार मजबूती के साथ 24,368 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

इसके अलावा हॉन्गकॉन्ग के शेयर बाजार में भी आज जोरदार तेजी का रुख बना हुआ है। यहां हैंगसेंग इंडेक्स आज फिलहाल 736.50 अंक यानी 3.08 प्रतिशत की बड़ी बढ़त के साथ 24,656 अंक के स्तर पर आ गया है। इंडोनेशिया के बाजार में भी आज खरीदार एक्टिव नजर आ रहे हैं, जिसके चलते जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 111.81 अंक यानी 2.27 प्रतिशत की तेजी के साथ 5,031.58 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स आज 3.62 अंक यानी 0.10 प्रतिशत की मामूली उछाल के साथ 3,689.79 अंक के स्तर पर बना हुआ है।

दूसरी ओर, जापान का निक्केई 225 इंडेक्स आज कमजोरी के साथ लाल निशान में पहुंचा हुआ है। फिलहाल यह सूचकांक 793.63 अंक यानी 1.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 61,395 अंक के स्तर पर बना हुआ है। दक्षिण कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में भी आज मंदी का रुख बना हुआ नजर आ रहा है, जहां चौतरफा बिकवाली के दबाव से फिलहाल यह सूचकांक 250.99 अंक यानी 4.42 प्रतिशत की जोरदार गिरावट के साथ 5,432.81 अंक के स्तर पर आ गया है।

इसी तरह ताइवान स्टॉक एक्सचेंज में भी आज जबरदस्त कमजोरी का माहौल बना हुआ है, जहां मुनाफावसूली के कारण ताइवान वेटेड इंडेक्स 874.44 अंक यानी 2.04 प्रतिशत फिसल कर 42,074.47 अंक के स्तर पर आ गया है। थाईलैंड के सेट कंपोजिट इंडेक्स में भी आज सुस्ती नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 9.35 अंक यानी 0.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,492.74 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स भी आज मामूली दबाव के बीच काम करता नजर आ रहा है। यह सूचकांक फिलहाल 1.35 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की सांकेतिक सुस्ती के साथ 5,290.49 अंक के स्तर पर बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक