home page

ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत, एशिया में मिला-जुला कारोबार

 | 
ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत, एशिया में मिला-जुला कारोबार


नई दिल्ली, 22 जुलाई (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज मामूली कमजोरी के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार खरीदारी होती रही। वहीं एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है।

सेमीकंडक्टर स्टॉक्स में तेजी आने की वजह से अमेरिकी शेयर बाजार पिछले सत्र के दौरान पॉजिटिव मूड में बंद हुए। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 385.38 अंक यानी 0.74 प्रतिशत उछल कर 52,224.64 अंक पर पहुंच गया। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.89 प्रतिशत की मजबूती के साथ 7,509.20 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 329.13 अंक यानी 1.29 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,837.21 अंक के स्तर पर बंद हुआ। दूसरी ओर, डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.10 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 52,171.90 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार तेजी का माहौल बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.58 प्रतिशत की छलांग लगा कर 10,585.91 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.28 प्रतिशत की बढ़त के साथ 8,363.14 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 164.66 अंक यानी 0.66 प्रतिशत उछल कर 25,011.35 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ बाजार में से पांच के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में बने हुए हैं, जबकि चार के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी 126.50 अंक यानी 0.52 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,043 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स 204.29 अंक यानी 0.81 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,928 अंक के स्तर तक गिर गया है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.76 प्रतिशत टूट कर 1,640.40 अंक के स्तर पर और जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.15 प्रतिशत फिसल कर 6,330.73 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

दूसरी ओर, निक्केई इंडेक्स 550.81 अंक यानी 0.83 प्रतिशत की मजबूती के साथ 66,783 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.28 प्रतिशत उछल कर 5,542.21 अंक के स्तर पर आ गया है। कोस्पी इंडेक्स में आज जोरदार तेजी नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 318.88 अंक यानी 4.73 प्रतिशत की उछाल के साथ 7,066.83 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। ताइवान वेटेड इंडेक्स ने भी आज बड़ी छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 777.10 अंक यानी 1.76 प्रतिशत की बढ़त के साथ 45,009.97 के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.50 प्रतिशत की मजबूती के साथ 3,883.58 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक