home page

ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में चौतरफा बिकवाली का दबाव

 | 
ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में चौतरफा बिकवाली का दबाव


नई दिल्ली, 02 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को दिए अपने भाषण से एक बार फिर पश्चिम एशिया में सीजफायर की उम्मीद पर पानी फेर दिया है। इस वजह से ग्लोबल मार्केट से आज घबराहट के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि ट्रंप का बयान आने के पहले ही अमेरिकी बाजार बंद हो जाने की वजह से पिछले सत्र के दौरान वॉल स्ट्रीट के सूचकांकों में मजबूती बनी रही। जबकि बयान आने के बाद डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार भी पिछले सत्र के दौरान बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहे। वहीं एशियाई बाजार में भी आज चौतरफा बिकवाली का दबाव बना हुआ है।

पश्चिम एशिया संकट को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दिए गए बयान के आने के पहले वॉल स्ट्रीट में युद्ध के जल्द थम जाने की उम्मीद बनी हुई थी, जिसके कारण अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूत हो कर कारोबार करते नजर आए। एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.72 प्रतिशत की तेजी के साथ 6,575.32 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 250.32 अंक यानी 1.16 प्रतिशत उछल कर 21,840.95 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 430.95 अंक यानी 0.93 प्रतिशत टूट कर 46,134.79 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

पश्चिम एशिया में जारी जंग के जल्द रुक जाने की उम्मीद को लेकर यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान तेजी का रुख बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 188.34 अंक यानी 1.82 प्रतिशत की उछाल के साथ 10,364.79 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 164.33 अंक यानी 2.06 प्रतिशत की छलांग लगा कर 7,981.27 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 618.85 अंक यानी 2.66 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,298.89 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में आज चौतरफा दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। एशिया के सभी नौ बाजार के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी 512 अंक यानी 2.24 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 22,339 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.78 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,937.04 अंक के स्तर तक गिर गया है। कोस्पी इंडेक्स में आज जोरदार गिरावट दर्ज की गई है। फिलहाल यह सूचकांक 241.87 अंक यानी 4.41 प्रतिशत लुढ़क कर 5,236.83 अंक के स्तर तक आ गया है।

इसी तरह निक्केई इंडेक्स 1,194.68 अंक यानी 2.22 प्रतिशत टूट कर 52,545 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा ताइवान वेटेड इंडेक्स 474.52 अंक यानी 1.43 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 32,700.30 अंक के स्तर पर, जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 82.67 अंक यानी 1.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,101.77 अंक के स्तर पर, हैंग सेंग इंडेक्स 267.03 अंक यामी 1.06 प्रतिशत फिसल कर 25,027 अंक के स्तर पर, शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.53 प्रतिशत टूट कर 3927.60 अंक के स्तर पर और सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.18 प्रतिशत की सांकेतिक कमजोरी के साथ 1,468.28 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक