home page

आईटी सेक्टर की आंधी में उड़ा शेयर बाजार, बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी

 | 
आईटी सेक्टर की आंधी में उड़ा शेयर बाजार, बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी


- निवेशकों को एक दिन में लगी 3.38 लाख करोड़ की चपत

नई दिल्ली, 24 फ़रवरी (हि.स.)। कमजोर ग्लोबल संकेत, आईटी सेक्टर के शेयरों में जोरदार बिकवाली, रुपये की कमजोरी और क्रूड ऑयल की कीमत में आई तेजी के कारण घरेलू शेयर बाजार आज एक बार फिर बड़ी गिरावट का शिकार हो गया। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद चौतरफा बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की कमजोरी बढ़ती चली गई। हालांकि दोपहर 1:30 बजे के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे इन दोनों सूचकांकों की स्थिति में निचले स्तर से मामूली सुधार भी हुआ। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.28 प्रतिशत और निफ्टी 1.12 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार में आईटी सेक्टर में सबसे अधिक 4.74 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह रियल्टी इंडेक्स भी आज दो प्रतिशत से ज्यादा लुढ़क गया। इसके अलावा बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, कंज्यूमर ड्यूरेबल और टेक इंडेक्स भी गिरावट का शिकार होकर लाल निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, ऑयल एंड गैस, मेटल, हेल्थ केयर, एफएमसीजी और कैपिटल गुड्स सेक्टर के शेयरों में खरीदारी का रुख बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.30 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.55 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 465.81 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 469.19 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 3.38 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,367 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,422 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,802 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 143 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,937 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 835 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,102 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 8 शेयर बढ़त के साथ और 22 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 17 शेयर हरे निशान में और 33 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 242.12 अंक की कमजोरी के साथ 83,052.54 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की कमजोरी और बढ़ती चली गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोपहर 1:30 बजे तक सेंसेक्स 1,359.93 अंक टूट कर 81,934.73 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिसकी वजह से इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होता हुआ नजर आया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स निचले स्तर से 291.19 अंक की रिकवरी करके 1,068.74 अंक की गिरावट के साथ 82,225.92 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 71.20 अंक टूट कर 25,641.80 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद बिकवाली के दबाव की वजह से इस सूचकांक की कमजोरी भी बढ़ती चली गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोपहर 1:30 बजे के करीब ये सूचकांक 385.40 अंक फिसल कर 25,327.60 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे निफ्टी निचले स्तर से 97.05 अंक की रिकवरी कर 288.35 अंक की कमजोरी के साथ 25,424.65 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एनटीपीसी 1.94 प्रतिशत, कोल इंडिया 1.16 प्रतिशत, जेएसडब्ल्यू स्टील 1.13 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 0.73 प्रतिशत और हिंदुस्तान यूनिलीवर 0.56 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टेक महिंद्रा 6.63 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 6.10 प्रतिशत, एटरनल 5.22 प्रतिशत, इंफोसिस 3.92 प्रतिशत और टीसीएस 3.83 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक