home page

साप्ताहिक समीक्षाः ग्लोबल मार्केट में पूरे सप्ताह बना रहा दबाव, करेक्शन जोन में पहुंचे ज्यादातर प्रमुख सूचकांक

 | 
साप्ताहिक समीक्षाः ग्लोबल मार्केट में पूरे सप्ताह बना रहा दबाव, करेक्शन जोन में पहुंचे ज्यादातर प्रमुख सूचकांक


नई दिल्ली, 22 नवंबर (हि.स.)। दुनिया भर के ज्यादातर स्टॉक मार्केट के लिए शुक्रवार को खत्म हुआ पिछला सप्ताह बेहद निराशाजनक रहा, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और टेक्नोलॉजी शेयरों में हुई भारी बिकवाली ने दुनिया भर के प्रमुख सूचकांकों को नीचे धकेल दिया। अमेरिकी शेयर बाजार वॉल स्ट्रीट पर लगातार सातवें सत्र में गिरावट दर्ज की गई और प्रमुख सूचकांक अपने ऊपरी स्तर से फिसल कर करेक्शन जोन में पहुंच गए।

पूरे सप्ताह के कारोबार में डॉऊ जोंस में भारी गिरावट आई और यह लुढ़क कर 48,147.33 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह एसएंडपी 500 इंडेक्स फिसल कर 6,910.39 अंक और टेक्नोलॉजी शेयरों की बहुलता वाला नैस्डैक कंपोजिट 22,617.73 अंक के स्तर पर बंद हुआ, जिससे नैस्डैक की इस साल की पूरी बढ़त समाप्त हो गई।

यूरोपीय बाजारों पर भी अमेरिकी बिकवाली और जियो-पॉलिटिकल टेंशन का गहरा असर देखने को मिला। यूरोप के प्रमुख सूचकांक लगातार कई सत्रों तक लाल निशान में बंद हुए। ब्रिटेन का एफटीएसई 100 इंडेक्स गिरावट के साथ 10,452.68 अंक, जर्मनी का डीएएक्स इंडेक्स 25,463.81 अंक और फ्रांस का सीएसी 40 इंडेक्स 8,080.74 अंक के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। यूरोपीय बाजारों में फार्मा और केमिकल क्षेत्र के दिग्गज शेयरों में हुई बिकवाली ने दबाव को और बढ़ाया।

एशियाई बाजारों की बात करें तो सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को यहां सबसे ज्यादा कोहराम देखने को मिला। सेमीकंडक्टर और चिप बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट के कारण जापान का निक्केई 225 इंडेक्स पांच प्रतिशत से अधिक टूट कर 56,436.65 अंक पर बंद हुआ। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स भी 5.21 प्रतिशत लुढ़क कर 4,869.96 अंक के स्तर पर आ गया।

इसके अलावा हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स 2.24 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 1.57 से 2 प्रतिशत तक फिसल गया। इसी तरह सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स, ताइवान वेटेड इंडेक्स, थाईलैंड का सेट कंपोजिट इंडेक्स और इंडोनेशिया का जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स भी वैश्विक बिकवाली के दबाव में कमजोर रहे, जबकि गिफ्ट निफ्टी ने भारतीय बाजार की मजबूती के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक