बिजनौर में सपा नेता की अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर, दीवारें व आरसीसी सड़कें ध्वस्त
बिजनौर, २६ मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के धामपुर थाना क्षेत्र के गांव नींदडू-मनकुआ संपर्क मार्ग पर विकसित की जा रही अवैध कालोनी पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बुलडोजर कार्रवाई की। कृषि भूमि पर बिना अनुमति कॉलोनी काटने और निर्माण कार्य करने के मामले में राजस्व विभाग और विनियमित क्षेत्र की संयुक्त टीम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कराने की कार्रवाई की है।
धामपुर-नूरपुर मार्ग स्थित अंथाई शेख चौराहे के पास नींदडू मनकुआ संपर्क मार्ग के करीब 42 बीघा कृषि भूमि पर अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। अनुज मलिक द्वारा इस भूमि पर कॉलोनी विकसित करने का काम शुरू कर दिया गया। ग्रामीणों द्वारा इस अवैध निर्माण की शिकायत प्रशासन से की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कृषि भूमि का गैरकानूनी तरीके से उपयोग कर कॉलोनी बसाई जा रही है, जिससे नियमों का उल्लंघन हो रहा है। शिकायत की जांच में अवैध निर्माण की पुष्टि हुई। इसके बाद एसडीएम स्मृति मिश्रा के आदेश पर संयुक्त टीम पुलिस बल के साथ बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कॉलोनी में बनाई गई दीवारें, आरसीसी सड़कें और लगाए गए बिजली के खंभे जमींदोज कर दिए गए।
उधर सपा नेता अनुज मलिक ने प्रशासन की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह अपनी जगह सही हैं और कोई अवैध कार्य नहीं किया है। उनका आरोप है कि समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद से उनकी नीन्दडू स्थित कॉलोनी को लगातार निशाना बनाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

