home page

उबर ने 20 लाख से अधिक ड्राइवरों के लिए लॉन्च की नई सुविधाएं, कमाई व सुरक्षा पर फोकस

 | 
उबर ने 20 लाख से अधिक ड्राइवरों के लिए लॉन्च की नई सुविधाएं, कमाई व सुरक्षा पर फोकस


नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (हि.स.)। उबर ने भारत में अपने 20 लाख से अधिक कमाई करने वाले ड्राइवरों के लिए नई सुविधाओं की घोषणा की है। उबर प्रगति के तीसरे संस्करण में कंपनी ने ड्राइवरों की कमाई बढ़ाने, काम में लचीलापन देने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कई नए फीचर्स पेश किए। इनमें फ्लेक्सिबल ड्राइव पास, व्हाट्सएप से ऑनबोर्डिंग, एम्बुलेंस सहायता, इन-ऐप वीडियो रिकॉर्डिंग और बाइक ड्राइवरों के लिए कमाई के नए विकल्प शामिल हैं।

उबर के मुताबिक फ्लेक्सिबल ड्राइव पास के तहत ड्राइवर छह घंटे से लेकर 180 दिनों तक के सब्सक्रिप्शन विकल्प चुन सकेंगे। इससे पार्ट-टाइम और फुल-टाइम ड्राइवरों को अपनी जरूरत के अनुसार काम करने में सुविधा मिलेगी। कंपनी ने क्विकस्टार्ट फीचर भी पेश किया है, जिसके जरिए ड्राइवर व्हाट्सएप के माध्यम से उबर से जुड़ सकेंगे। वहीं, 'अर्न फर्स्ट, पे लेटर' सुविधा के तहत पात्र ड्राइवर बैलेंस खत्म होने के बाद भी निर्धारित अतिरिक्त क्रेडिट सीमा के भीतर कैश ट्रिप जारी रख सकेंगे।

इसके अलावा, ड्राइवर अब ऐप के चैट फीचर में वॉयस नोट्स के जरिए यात्रियों से बातचीत कर सकेंगे। कंपनी ने एक नया ड्राइवर ऐप भी पेश किया है, जिसमें कमाई, ट्रिप की जानकारी और जरूरी अपडेट एक ही जगह उपलब्ध होंगे।

उबर ने ड्राइवरों के साथ यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी कई सुविधाओं की घोषणा की है। कंपनी की 24 घंटे उपलब्ध सेफ्टी लाइन के जरिए डायल 4242 के साथ साझेदारी में एम्बुलेंस सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। कंपनी के अनुसार पिछले चार महीने से भी कम समय में इस व्यवस्था के जरिए 25 से अधिक मामलों में ड्राइवरों और यात्रियों को मेडिकल सहायता दिलाने में मदद मिली है।

'रिकॉर्ड माई राइड' फीचर के तहत ट्रिप के दौरान एन्क्रिप्टेड वीडियो रिकॉर्डिंग की सुविधा दी गई है। कंपनी का कहना है कि यह सुविधा विवाद की स्थिति में घटनाओं से जुड़े तथ्यों को समझने में मदद कर सकती है।

उबर ने 'सेफ्टी कंटेंट फ्लैग' फीचर भी शुरू किया है। इसके जरिए ऐप संभावित रूप से अनुचित भाषा वाले संदेशों की पहचान कर यात्री को संदेश भेजने से पहले दोबारा विचार करने के लिए प्रेरित करेगा। यदि इसके बावजूद अनुचित संदेश भेजा जाता है तो ड्राइवर पात्र ट्रिप को कैंसिल कर सकेंगे और इससे उनके कैंसिलेशन रेट पर असर नहीं पड़ेगा।

इसके साथ ही इन-ऐप ड्राइवर सेफ्टी हब में सुरक्षा उपकरणों, सहायता और अन्य संसाधनों को एक जगह उपलब्ध कराया गया है। ड्राइवर चुनिंदा सुरक्षा सुविधाओं को ऑटोमैटिक रूप से सक्रिय रखने का विकल्प भी चुन सकेंगे।

उबर ने बाइक ड्राइवरों के लिए पारंपरिक यात्री परिवहन के अलावा कमाई के नए अवसरों का विस्तार करने की योजना बताई है। बाइक इंटरसिटी के जरिए पड़ोसी शहरों और कस्बों के बीच छोटी दूरी की यात्राएं की जा सकेंगी। दिल्ली-मेरठ जैसे रूट इसके उदाहरण हैं।

इसके अलावा उबर डायरेक्ट के माध्यम से बाइक ड्राइवर कारोबारियों के डिलीवरी ऑर्डर पूरे कर सकेंगे। उबर पार्सल के जरिए शहर के भीतर निजी पार्सल पहुंचाने का अवसर भी मिलेगा। कंपनी ने बताया कि पार्सल डिलीवरी से जुड़े विकल्पों पर फिलहाल प्रयोग किए जा रहे हैं।

कार ड्राइवरों के लिए उबर पेट भी कमाई का एक अतिरिक्त विकल्प है। इसके तहत वे पालतू जानवरों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को सेवा दे सकेंगे। वहीं, 'रेफर एंड अर्न' कार्यक्रम के जरिए ड्राइवर नए अर्नर्स को प्लेटफॉर्म से जोड़कर पुरस्कार प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान उबर ने लंबे समय से प्लेटफॉर्म से जुड़े रहने, सबसे अधिक किलोमीटर ड्राइव करने और सबसे ज्यादा पांच सितारा ट्रिप पूरी करने वाले ड्राइवरों को सम्मानित किया।

सबसे लंबे समय तक उबर से जुड़े रहने वाले ड्राइवर- प्रमोद कुमार यादव, आरती सिंह और रवि चंदुरे।

सबसे ज्यादा किलोमीटर ड्राइव करने वाले ड्राइवर- किशोर कुमार, गिरधारी, रुक्मणी सिंह और प्रभा ठाकुर।

सबसे ज्यादा पांच सितारा ट्रिप वाले ड्राइवर- हजरत अली, बालू, अगर सिंह यादव और सुनीता।

उबर इंडिया और दक्षिण एशिया के सप्लाई ऑपरेशंस डायरेक्टर आदित्य कपूर ने कहा कि कंपनी भारत में लचीली कमाई के अवसरों के लिए पसंदीदा प्लेटफॉर्म बने रहने की दिशा में काम कर रही है। ड्राइवरों को अपनी शर्तों पर काम करने की स्वतंत्रता, बेहतर सुरक्षा और कमाई के अधिक विकल्प उपलब्ध कराना कंपनी की प्राथमिकता है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी