home page

त्रिपुरा ने पहली बार यूएई को 01 मिट्रिक टन ऑर्गेनिक शहद का किया निर्यात

 | 
त्रिपुरा ने पहली बार यूएई को 01 मिट्रिक टन ऑर्गेनिक शहद का किया निर्यात


नई दिल्ली, 10 अगस्त (हि.स.)। त्रिपुरा ने पहली बार संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को अपने खास 01 मिट्रिक टन ऑर्गेनिक शहद का पहला जत्था भेजा है। पूर्वोत्तर से इस कृषि निर्यात को बड़ा बढ़ावा देते हुए कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने त्रिपुरा से दुबई तक सरसों के शहद के पहले निर्यात में मदद की है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि एपीईडीए ने त्रिपुरा के डेरगांग किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) द्वारा 01 मीट्रिक टन सरसों के शहद के दुबई को पहली बार निर्यात की सुविधा प्रदान की। यह निर्यात एफपीओ और क्षेत्र के लिए एक नई उपलब्धि है, क्योंकि इससे स्थानीय मधुमक्खी पालकों और किसानों के लिए संगठित निर्यात-उन्मुख उत्पादन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाने का अवसर सृजित हुआ है।

मंत्रालय ने कहा कि निर्यात की खेप को त्रिपुरा सरकार के कृषि मंत्री रतन लाल नाथ ने रवाना किया। इस अवसर पर त्रिपुरा सरकार के कृषि एवं बागवानी सचिव अपूर्व रॉय, आईएएस, आईएफओएएम ऑर्गेनिक्स एशिया की कार्यकारी निदेशक जेनिफर चांग, एपीईडीए के वरिष्ठ अधिकारी, निर्यातक के प्रतिनिधि, लॉजिस्टिक्स साझेदार और क्षेत्र के प्रगतिशील मधुमक्खी पालक उपस्थित रहे।

मंत्रालय ने बताया कि यह खेप इस क्षेत्र से सरसों के शहद का पहली बार निर्यात है, जिससे त्रिपुरा की शहद मूल्य श्रृंखला में विविधीकरण के नए अवसर भी खुलेंगे। इस कदम से राज्य के किसानों की आय बढ़ेगी और वैश्विक बाजार में त्रिपुरा के प्राकृतिक उत्पादों की पहचान मजबूत होगी। इस पहल से स्थानीय किसानों और एफपीओ को निर्यात के अवसर तलाशने तथा अंतरराष्ट्रीय कृषि बाजारों में अपनी भागीदारी को मजबूत करने के लिए प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर