टॉप 10 में शामिल देश की सभी कंपनियों के मार्केट कैप में गिरावट, 2.57 लाख करोड़ से अधिक की राशि हुई स्वाहा
नई दिल्ली, 13 सितंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में पिछले कारोबारी सप्ताह के दौरान हुई खरीद-बिक्री के बाद देश की टॉप 10 मोस्ट वैल्यूड कंपनियों में शामिल सभी दस कंपनियों के मार्केट कैप में गिरावट आ गई। पिछले सप्ताह के कारोबार के दौरान बाजार में दबाव की स्थिति बनने की वजह से इन सभी दस कंपनियों के मार्केट कैप में कुल मिला कर 2.57 लाख करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आ गई। इनमें सबसे अधिक नुकसान सबसे अधिक मार्केट कैप वाली कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ, जबकि मार्केट कैप में गिरावट के मामले में दूसरा स्थान टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने हासिल किया।
सोमवार से शुक्रवार तक के कारोबार के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस), आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टूब्रो, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) और हिंदुस्तान यूनिलीवर के मार्केट कैप में कुल 2,57,660.65 करोड़ रुपये की गिरावट आ गई। शेयर बाजार में लगातार हुई बिकवाली के कारण इस सप्ताह टॉप 10 में शामिल किसी भी कंपनी के मार्केट कैप में बढ़ोतरी नहीं हो सकी।
पिछले सप्ताह के कारोबार के बाद देश में सबसे अधिक मार्केट कैप वाली लिस्टेड कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 86,608 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 17,51,516.49 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का मार्केट कैप 42,935.63 करोड़ रुपये की कमजोरी के साथ 8,17,687.78 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।
वहीं आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 27,842.12 करोड़ रुपये घट कर 10,04,457.94 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह भारती एयरटेल का मार्केट कैप 25,487.89 करोड़ रुपये कम होकर 11,48,127.38 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इसके अलावा, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) का मार्केट कैप 21,634.02 करोड़ रुपये घट कर 9,30,446.25 करोड़ रुपये के स्तर पर और एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 18,924.50 करोड़ रुपये लुढ़क कर 10,83,462.65 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।
पिछले सप्ताह के कारोबार में बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 14,210.35 करोड़ रुपये की कमजोरी के साथ 6,56,838.46 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इसी तरह लार्सन एंड टूब्रो (एलएंडटी) का मार्केट कैप 9,540.20 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 5,44,842.97 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का मार्केट कैप 8,120.44 करोड़ रुपये फिसल कर 5,18,713.06 करोड़ रुपये के स्तर तक और हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 2,357.50 करोड़ रुपये लुढ़क कर 4,65,806.47 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।
मार्केट कैप के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज 17,51,516.49 करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) के साथ देश की सबसे अधिक मार्केट कैप वाली कंपनी रही। इसके बाद भारती एयरटेल (कुल मार्केट कैप 11,48,127.38 करोड़ रुपये), एचडीएफसी बैंक (कुल मार्केट कैप 10,83,462.65 करोड़ रुपये), आईसीआईसीआई बैंक (कुल मार्केट कैप 10,04,457.94 करोड़ रुपये), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (कुल मार्केट कैप 9,30,446.25 करोड़ रुपये), टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) (कुल मार्केट कैप 8,17,687.78 करोड़ रुपये), बजाज फाइनेंस (कुल मार्केट कैप 6,56,838.46 करोड़ रुपये), लार्सन एंड टूब्रो (कुल मार्केट कैप 5,44,842.97 करोड़ रुपये), भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) (कुल मार्केट कैप 5,18,713.06 करोड़ रुपये) और हिंदुस्तान यूनिलीवर (कुल मार्केट कैप 4,65,806.47 करोड़ रुपये) के नाम सबसे मूल्यवान टॉप 10 कंपनियों के लिस्ट में दूसरे से दसवें स्थान पर बने रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

