home page

टॉप 10 में शामिल 8 कंपनियों के मार्केट कैप में 1.90 लाख करोड़ से अधिक की बढ़ोतरी

 | 
टॉप 10 में शामिल 8 कंपनियों के मार्केट कैप में 1.90 लाख करोड़ से अधिक की बढ़ोतरी


नई दिल्ली, 14 जून (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में पिछले कारोबारी सप्ताह के दौरान हुई खरीद-बिक्री के कारण देश की टॉप 10 मोस्ट वैल्यूड कंपनियों में शामिल आठ कंपनियों के मार्केट कैप में बढ़ोतरी हो गई, जबकि दो कंपनियों के मार्केट कैप में गिरावट आ गई। शीर्ष स्थान पर मौजूद इन दस कंपनियों में से आठ के मार्केट कैप में सोमवार से शुक्रवार तक के कारोबार के बाद 1.90 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई।

इनमें सबसे अधिक फायदा आईसीआईसीआई बैंक को हुआ, जबकि मार्केट कैप में बढ़ोतरी के मामले में दूसरा स्थान एचडीएफसी बैंक ने हासिल किया। टॉप 10 मोस्ट वैल्यूड कंपनियों में शामिल कंपनियों में शेष बची दो कंपनियों के मार्केट कैप में 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आ गई। मार्केट कैप में गिरावट आने के मामले में टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) सबसे आगे रही, जबकि भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने दूसरा स्थान हासिल किया।

इस सप्ताह के कारोबार के बाद आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई), बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, लार्सन एंड टूब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर और रिलायंस इंडस्ट्रीज के मार्केट कैप में 1,90,001.96 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। दूसरी ओर, टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के मार्केट कैप में 14,118.72 करोड़ रुपये की गिरावट आ गई।

सोमवार से शुक्रवार के बीच हुए कारोबार के बाद आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 56,223 करोड़ रुपये बढ़ होकर 9,61,297.77 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इसी तरह, एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 38,571.11 करोड़ रुपये उछल कर 11,89,314.42 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) का मार्केट कैप 36,137.87 करोड़ रुपये की उछाल के साथ 9,38,661.50 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया।

पिछले सप्ताह के कारोबार में बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 18,366.57 करोड़ रुपये की मजबूती के साथ 5,71,947.54 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इसी तरह, भारती एयरटेल का मार्केट कैप 14,380.14 करोड़ रुपये बढ़ कर 11,10,530.63 करोड़ रुपये के स्तर पर, लार्सन एंड टूब्रो (एलएंडटी) का मार्केट कैप 13,241.39 करोड़ रुपये की बढ़त के साथ 5,57,197.83 करोड़ रुपये के स्तर पर, हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 10,984.34 करोड़ रुपये की उछाल के साथ 5,09,285.65 करोड़ रुपये के स्तर पर और रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 2,097.54 करोड़ रुपये बढ़ कर 17,49,418.94 करोड़ रुपये के स्तर तक पहुंच गया।

टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का मार्केट कैप 13,296.47 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 7,82,049.62 करोड़ रुपये के स्तर पर और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का मार्केट कैप 822.25 करोड़ रुपये उछल कर 5,05,051.07 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

मार्केट कैप के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज 17,49,418.94 करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) के साथ देश की सबसे अधिक मार्केट कैप वाली कंपनी रही।

इसके बाद एचडीएफसी बैंक (कुल मार्केट कैप 11,89,314.42 करोड़ रुपये), भारती एयरटेल (कुल मार्केट कैप 11,10,530.63 करोड़ रुपये), आईसीआईसीआई बैंक (कुल मार्केट कैप 9,61,297.77 करोड़ रुपये), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (कुल मार्केट कैप 9,38,661.50 करोड़ रुपये), टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) (कुल मार्केट कैप 7,82,049.62 करोड़ रुपये), बजाज फाइनेंस (कुल मार्केट कैप 5,71,947.54 करोड़ रुपये), लार्सन एंड टूब्रो (कुल मार्केट कैप 5,57,197.83 करोड़ रुपये), हिंदुस्तान यूनिलीवर (कुल मार्केट कैप 5,09,285.65 करोड़ रुपये) और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) (कुल मार्केट कैप 5,05,051.07 करोड़ रुपये) के नाम सबसे मूल्यवान टॉप 10 कंपनियों के लिस्ट में दूसरे से दसवें स्थान पर बने रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक