home page

टॉप 10 में शामिल 7 कंपनियों का मार्केट कैप 2.05 लाख करोड़ गिरा, टीसीएस को सबसे ज्यादा नुकसान

 | 
टॉप 10 में शामिल 7 कंपनियों का मार्केट कैप 2.05 लाख करोड़ गिरा, टीसीएस को सबसे ज्यादा नुकसान


नई दिल्ली, 26 अप्रैल (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में पिछले कारोबारी सप्ताह के दौरान हुई खरीद-बिक्री के कारण देश की टॉप 10 मोस्ट वैल्यूड कंपनियों में शामिल सात कंपनियों के मार्केट कैप में गिरावट आ गई, जबकि तीन कंपनियों के मार्केट कैप में बढ़ोतरी हो गई। शीर्ष स्थान पर मौजूद इन दस कंपनियों में से सात के मार्केट कैप में सोमवार से शुक्रवार तक के कारोबार के बाद 2.05 लाख करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आ गई। इनमें सबसे अधिक नुकसान टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) को हुआ, जबकि देश में सबसे अधिक मार्केट कैप वाली कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज नुकसान उठाने के मामले में दूसरे स्थान पर रही।

दूसरी ओर, टॉप 10 मोस्ट वैल्यूड कंपनियों में शामिल कंपनियों में शेष बची तीन कंपनियों के मार्केट कैप में पिछले सप्ताह के कारोबार के बाद 48 हजार करोड़ रुपये से अधिक का उछाल आ गया। मार्केट कैप में बढ़ोतरी हासिल करने वाली यानी फायदा उठाने वाली तीनों कंपनियों में हिंदुस्तान यूनिलीवर सबसे आगे पहले स्थान पर रही।

इस सप्ताह के कारोबार के बाद टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस), रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक और लार्सन एंड टूब्रो के मार्केट कैप में 2,05,343.06 करोड़ रुपये की गिरावट आ गई। दूसरी ओर, हिंदुस्तान यूनिलीवर, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) और बजाज फाइनेंस के मार्केट कैप में 48,429.31 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई।

सोमवार से शुक्रवार के बीच हुए कारोबार के बाद टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का मार्केट कैप 66,699.44 करोड़ रुपये की कमी के साथ 8,67,364.12 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इसी तरह रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 50,670.34 करोड़ रुपये कम होकर 17,96,647.50 करोड़ रुपये के स्तर तक गिर गया। एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 23,090.05 करोड़ रुपये फिसल कर 12,08,225.48 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया।

इसके अलावा भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का मार्केट कैप 19,670.75 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 5,13,020.56 करोड़ रुपये के स्तर पर, भारती एयरटेल का मार्केट कैप 19,406.59 करोड़ रुपये लुढ़क कर 11,05,718.62 करोड़ रुपये के स्तर पर, आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 14,663.27 करोड़ रुपये कम होकर 9,50,345.40 करोड़ रुपये के स्तर पर और लार्सन एंड टूब्रो का मार्केट कैप 11,142.62 करोड़ रुपये की कमजोरी के साथ 5,52,171.88 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया।

दूसरी ओर, हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 20,352.91 करोड़ रुपये बढ़ कर 5,47,219.80 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) का मार्केट कैप 19,522.76 करोड़ रुपये की उछाल के साथ 10,16,752.53 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इसके अलावा बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 8,253.64 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 5,73,690.81 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंचा हुआ नजर आया।

मार्केट कैप के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज 17,96,647.50 करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) के साथ देश की सबसे अधिक मार्केट कैप वाली कंपनी रही।

इसके बाद एचडीएफसी बैंक (कुल मार्केट कैप 12,08,225.48 करोड़ रुपये), भारती एयरटेल (कुल मार्केट कैप 11,05,718.62 करोड़ रुपये), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (कुल मार्केट कैप 10,16,752.53 करोड़ रुपये), आईसीआईसीआई बैंक (कुल मार्केट कैप 9,50,345.40 करोड़ रुपये), टीसीएस (कुल मार्केट कैप 8,67,364.12 करोड़ रुपये), बजाज फाइनेंस (कुल मार्केट कैप 5,73,690.81 करोड़ रुपये), लार्सन एंड टूब्रो (कुल मार्केट कैप 5,52,171.88 करोड़ रुपये), हिंदुस्तान यूनिलीवर (कुल मार्केट कैप 5,47,219.80 करोड़ रुपये) और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) (कुल मार्केट कैप 5,13,020.56 करोड़ रुपये) के नाम सबसे मूल्यवान टॉप 10 कंपनियों के लिस्ट में दूसरे से दसवें स्थान पर बने रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक