home page

टॉप 10 में शामिल 5 कंपनियों के मार्केट कैप में 1.02 लाख करोड़ की गिरावट

 | 
टॉप 10 में शामिल 5 कंपनियों के मार्केट कैप में 1.02 लाख करोड़ की गिरावट


-एचडीएफसी बैंक को सबसे ज्यादा नुकसान

नई दिल्ली, 22 मार्च (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में पिछले कारोबारी सप्ताह के दौरान हुई खरीद-बिक्री के कारण देश की टॉप 10 मोस्ट वैल्यूड कंपनियों में शामिल पांच कंपनियों के मार्केट कैप में गिरावट आ गई, जबकि पांच कंपनियों के मार्केट कैप में बढ़ोतरी हो गई। शीर्ष स्थान पर मौजूद इन दस कंपनियों में से पांच के मार्केट कैप में सोमवार से शुक्रवार तक के कारोबार के बाद 1.02 लाख करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आ गई। इनमें सबसे अधिक नुकसान एचडीएफसी बैंक को हुआ, जबकि नुकसान उठाने के मामले में हिंदुस्तान यूनिलीवर दूसरे स्थान पर रहा।

दूसरी ओर, टॉप 10 में शामिल कंपनियों में शेष बची पांच कंपनियों के मार्केट कैप में पिछले सप्ताह के कारोबार के बाद 86 हजार करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। इनमें सबसे अधिक फायदा रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ, जबकि भारती एयरटेल मुनाफा कमाने के मामले में दूसरे स्थान पर रहा।

इस सप्ताह के कारोबार के दौरान एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फाइनेंस, टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और आईसीआईसीआई बैंक के मार्केट कैप में 1,02,771.87 करोड़ रुपये की गिरावट आ गई। दूसरी ओर, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई), भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) और इंफोसिस के मार्केट कैप में 86,210.97 करोड़ रुपये की गिरावट आ गई।

16 मार्च से 20 मार्च के बीच हुए कारोबार के दौरान एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 56,124.48 करोड़ रुपये गिर कर 12,01,267.28 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इसी तरह हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 18,009.62 करोड़ रुपये घट कर 4,89,631.32 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

इसके अलावा, बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 15,338.42 करोड़ रुपये की कमजोरी के साथ 5,16,715.12 करोड़ रुपये के स्तर पर, टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का मार्केट कैप 7,127.63 करोड़ रुपये की कमी के साथ 8,64,940 करोड़ रुपये के स्तर पर और आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 6,171.72 करोड़ रुपये कम होकर 8,91,673.06 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया।

दूसरी ओर, रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 45,942.75 करोड़ रुपये बढ़ कर 19,14,235.92 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इसी तरह भारती एयरटेल का मार्केट कैप 24,462.03 करोड़ रुपये उछल कर 10,52,893.75 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) का मार्केट कैप 10,707.52 करोड़ रुपये की तेजी के साथ 9,76,968.57 करोड़ रुपये के स्तर पर, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का मार्केट कैप 2,624.88 करोड़ रुपये की बढ़त के साथ 4,91,610.45 करोड़ रुपये के स्तर पर और इंफोसिस का मार्केट कैप 2,473.79 करोड़ रुपये की उछाल के साथ 5,08,789.37 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया।

मार्केट कैप के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज 19,14,235.92 करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) के साथ देश की सबसे अधिक मार्केट कैप वाली कंपनी रही। इसके बाद एचडीएफसी बैंक (कुल मार्केट कैप 12,01,267.28 करोड़ रुपये), भारती एयरटेल (कुल मार्केट कैप 10,52,893.75 करोड़ रुपये), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (कुल मार्केट कैप 9,76,968.57 करोड़ रुपये), आईसीआईसीआई बैंक (कुल मार्केट कैप 8,91,673.06 करोड़ रुपये), टीसीएस (कुल मार्केट कैप 8,64,940 करोड़ रुपये), बजाज फाइनेंस (कुल मार्केट कैप 5,16,715.12 करोड़ रुपये), इंफोसिस (कुल मार्केट कैप 5,08,789.37 करोड़ रुपये), भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) (कुल मार्केट कैप 4,91,610.45 करोड़ रुपये) और हिंदुस्तान यूनिलीवर (कुल मार्केट कैप 4,89,631.32 करोड़ रुपये) के नाम सबसे मूल्यवान टॉप 10 कंपनियों के लिस्ट में दूसरे से दसवें स्थान पर बने रहे।

------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक