टेम्पसेंस इंस्ट्रुमेंट्स का आईपीओ 20 अगस्त को खुलेगा, मूल्य दायरा 285-300 रुपये प्रति शेयर
नई दिल्ली, 17 अगस्त (हि.स.)। टेम्पसेंस इंस्ट्रुमेंट्स (इंडिया) लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 20 अगस्त को खुलेगा। इसमें निवेश करने के लिए निवेशक 24 अगस्त तक बोली लगा सकते हैं। एंकर निवेशक 19 अगस्त को बोली लगा सकते हैं। इसके लिए मूल्य दायरा (प्राइस बैंड) 285-300 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।
टेम्पसेंस इंस्ट्रुमेंट्स (इंडिया) लिमिटेड के 650 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में करीब 95 करोड़ रुपये के नए शेयर तथा 1.85 करोड़ शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है। निवेशक इसमें कम से कम 50 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद 50 के मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं।कंपनी की योजना इस इश्यू से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल पूंजीगत व्यय को वित्तपोषित करने, कर्ज चुकाने और कंपनी के सामान्य कामकाज के लिए किया जाएगा। कंपनी का शेयर 28 अगस्त को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।
वर्ष 1990 में स्थापित टेम्पसेंस इंस्ट्रुमेंट्स (इंडिया) लिमिटेड एक प्रमुख थर्मल इंजीनियरिंग और विशेष केबल समाधान प्रदाता कंपनी है। कंपनी 31 मार्च तक भारत में फाइबर ऑप्टिक टेम्परेचर सेंसर और थर्मल प्रोफाइलिंग सिस्टम बनाने वाली एकमात्र कंपनी भी है, और फिस्कल ईयर 2026 में भारत में पाइरोमीटर और ऑनलाइन थर्मल इमेजर बनाने वाली एकमात्र कंपनी है
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

