home page

तीन दिन की लगातार बड़ी गिरावट के बाद इन वजहों से उबरा घरेलू शेयर बाजार

 | 
तीन दिन की लगातार बड़ी गिरावट के बाद इन वजहों से उबरा घरेलू शेयर बाजार


नई दिल्ली, 27 अप्रैल (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज पिछले सप्ताह के आखिरी तीन कारोबारी दिन की बड़ी गिरावट के झटके से उबरता हुआ नजर आया। शेयर बाजार में आज की तेजी के कारण निवेशकों की संपत्ति में भी 6.78 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। दिन के कारोबार के दौरान मुनाफा वसूली की वजह से आज बिकवाली के झटके भी लगते रहे, लेकिन बाजार में इतना अधिक उत्साह था कि बिकवाली होने के बावजूद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक लगातार हरे निशान में ही कारोबार करते रहे।

मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि अमेरिका और ईरान के बीच सुलह होने की उम्मीद की वजह से घरेलू शेयर बाजार में आज उत्साह का माहौल बना रहा। पश्चिम एशिया में शांति होने और तनाव घटने की उम्मीद के कारण ग्लोबल और एशियन मार्केट से भी पॉजिटिव खबरें आती रही, जिससे घरेलू शेयर बाजार को काफी सपोर्ट मिला। इसी तरह घरेलू मोर्चे पर इंडिया वोलैटिलिटी इंडेक्स (इंडिया वीआईएक्स) में आई गिरावट से भी निवेशक उत्साहित होकर कारोबार करते हुए नजर आए। इसके अलावा घरेलू शेयर बाजार में आज फार्मास्यूटिकल सेक्टर में आई जोरदार तेजी के कारण भी मार्केट सेंटिमेंट्स में काफी सुधार हुआ।

खुराना सिक्योरिटीज एंड फाइनेंशियल सर्विसेज के सीईओ रवि चंदर खुराना के अनुसार ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के दूसरी बार पाकिस्तान पहुंचने से इस बात की उम्मीद बनी है कि अमेरिका के साथ ईरान की शांति वार्ता का दूसरा दौर जल्दी शुरू हो सकता है। पश्चिम एशिया में तनाव खत्म होने की उम्मीद को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की इस बात से भी बल मिला है, जिसमें उन्होंने पश्चिम एशिया में जारी जंग के जल्द ही समाप्त होने की बात कही है।

माना जा रहा है कि अगर पश्चिम एशिया में जारी जंग समाप्त हो जाए और होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते मालवाहक जहाजों और ऑयल टैंकर्स की आवा-जाही सुचारू रूप से शुरू हो जाए, तो वैश्विक अर्थव्यवस्था पश्चिम एशिया में जारी जंग के दुष्प्रभावों से काफी हद तक बच सकती है। पश्चिम एशिया में शांति होने की उम्मीद के कारण ग्लोबल मार्केट से आज पॉजिटिव संकेत मिलते रहे, जिसका असर घरेलू शेयर बाजार में भी साफ-साफ नजर आया।

एशिया के भी ज्यादातर स्टॉक मार्केट में आज मजबूती के साथ कारोबार होता हुआ नजर आया। आज के कारोबार में कोस्पी इंडेक्स 2.11 प्रतिशत तक उछल गया। इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स ने 1.73 प्रतिशत, सेट कंपोजिट इंडेक्स ने 1.56 प्रतिशत और निक्केई इंडेक्स ने 1.18 प्रतिशत तक की छलांग लगाई। एशियाई बाजार की तेजी ने भी भारतीय शेयर बाजार के निवेशकों के मनोबल को बढ़ाने का काम किया।

रवि चंदर खुराना के अनुसार ग्लोबल मार्केट से मिले बने मजबूत रुझान के साथ ही घरेलू मोर्चे पर भी आज फार्मास्यूटिकल सेक्टर में आई जोरदार तेजी ने मार्केट सेंटिमेंट्स को पॉजिटिव करने में बड़ी भूमिका निभाई। बीएसई का हेल्थ केयर इंडेक्स आज 2.43 प्रतिशत उछल कर बंद हुआ। फार्मास्यूटिकल सेक्टर में ये तेजी सन फार्मास्यूटिकल के उस खुलासे के बाद आई, जिसमें बताया गया है कि कंपनी अमेरिका में लिस्टेड फार्मास्यूटिकल फर्म ऑर्गेनन को खरीद रही है।

सन फार्मास्यूटिकल द्वारा किए गए इस खुलासे के कारण सन फार्मास्यूटिकल के शेयरों में तो जोरदार तेजी आई ही, पूरे फार्मास्यूटिकल सेक्टर के शेयरों में जोरदार खरीदारी होने लगी। फार्मास्यूटिकल सेक्टर के माहौल में सुधार होने का असर दूसरे सेक्टर्स पर भी पड़ा। खासकर, आईटी और मेटल सेक्टर भी जोरदार मजबूती हासिल करने में सफल रहे। इसके साथ ही स्टॉक मार्केट के दूसरे सेक्टोरल इंडेक्स भी आज बढ़त के साथ बंद हुए।

आज की तेजी की एक वजह स्टॉक मार्केट की घबराहट को दर्शाने वाले इंडिया वोलैटिलिटी इंडेक्स (इंडिया वीआईएक्स) में आई गिरावट भी रही। इंडिया वीआईएक्स आज 4.81 प्रतिशत लुढ़क कर 18.76 के स्तर पर आ गया। हालांकि इंडिया वीआईएक्स का ये स्तर भी अभी बाजार में जोखिम कायम रहने का संकेत देता है। इसके बावजूद इस इंडेक्स में आई आज की गिरावट ने निवेशकों को उत्साहित करने का काम किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक