home page

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के

 | 
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के


नई दिल्ली, 09 सितंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान लगातार दबाव बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही बिकवाली के जबरदस्त दबाव की वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की कमजोरी और बढ़ गई। सेंसेक्स 75,000 अंक के स्तर से भी नीचे लुढ़क गया। वहीं निफ्टी भी 23,400 अंक के स्तर से नीचे फिसल गया। हालांकि खरीदारों ने लिवाली का जोर बना कर दोनों सूचकांकों को सहारा देने की कोशिश भी की, लेकिन बाजार में बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि इन दोनों सूचकांकों की चाल पर ज्यादा असर नहीं पड़ सका। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.79 प्रतिशत और निफ्टी 0.63 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 361.36 अंक यानी 0.48 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75,216.22 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण पहले मिनट में ही यह सूचकांक 600 अंक से अधिक की कमजोरी के साथ 74,968.99 अंक के स्तर पर आ गया। इसके तुरंत बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे सेंसेक्स की चाल में सुधार होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से पहले आधे घंटे के कारोबार में यह सूचकांक उछल कर 75,220.88 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा।

इस स्तर पर पहुंचने के बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की कमजोरी दोबारा बढ़ती चली गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 600.38 अंक यानी 0.79 प्रतिशत टूट कर 74,977.20 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 113.05 अंक यानी 0.48 प्रतिशत फिसल कर 23,522.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही जबरदस्त बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक 150 अंक से अधिक लुढ़क कर 23,468.45 अंक के स्तर पर आ गया। इस जबरदस्त गिरावट के बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा।

खरीदारी के सपोर्ट से पहले आधे घंटे के कारोबार में निफ्टी उछल कर 23,536.50 अंक के स्तर तक पहुंचा। इसके बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ती चली गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 149.30 अंक यानी 0.63 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,485.80 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,878 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,237 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,641 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 10 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 20 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 13 शेयर हरे निशान में और 37 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से मैक्स हेल्थकेयर, अदानी एंटरप्राइजेज, कोल इंडिया, लार्सन एंड टूब्रो और एनटीपीसी के शेयर 4.23 प्रतिशत से लेकर 1.30 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, इंफोसिस, एचडीएफसी लाइफ, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजी और टीसीएस के शेयर 3.60 प्रतिशत से लेकर 2.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 555.23 अंक यानी 0.73 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 75,577.58 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 144.05 अंक यानी 0.61 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,635.10 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक