शुरुआती गिरावट के बाद शेयर बाजार में सुधार का रुख, सेंसेक्स और निफ्टी ने निचले स्तर से की रिकवरी
नई दिल्ली, 02 सितंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज शुरुआती कारोबार के दौरान बड़ी गिरावट का शिकार होने के बाद निचले स्तर से रिकवर करता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से पहले 5 मिनट में ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक बड़ी गिरावट का शिकार हो गए। सेंसेक्स 800 अंक से अधिक टूट गया। इसी तरह निफ्टी गिर कर 23,800 अंक के स्तर से भी नीचे चला गया।
बाजार की इस गिरावट के कारण पहले 5 मिनट में ही बीएसई में लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैप में 5.60 लाख करोड़ रुपये की कमी आ गई। हालांकि इस गिरावट के बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इन दोनों सूचकांकों की चाल में सुधार होता हुआ नजर आने लगा। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.76 प्रतिशत और निफ्टी 0.86 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 472.96 अंक यानी 0.61 प्रतिशत टूट कर 76,471.32 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण थोड़ी देर में ही यह सूचकांक 800 अंक से अधिक लुढ़क कर 76,135.72 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद बाजार में खरीदारों ने एक्टिव होकर लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 581.72 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,362.56 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 197.80 अंक यानी 0.82 प्रतिशत फिसल कर 23,858 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण यह सूचकांक थोड़ी देर में ही लगभग 270 अंक की कमजोरी के साथ 23,786.80 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 206.05 अंक यानी 0.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,849.75 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,991 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,170 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,821 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 11 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 19 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 10 शेयर हरे निशान में और 40 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से कोल इंडिया, अदानी पोर्ट्स, अदानी एंटरप्राइजेज, ओएनजीसी और एक्सिस बैंक के शेयर 3.92 प्रतिशत से लेकर 0.45 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, आयशर मोटर्स, बजाज ऑटो, इंटरग्लोब एवियेशन, श्रीराम फाइनेंस और एशियन पेंट्स के शेयर 3.93 प्रतिशत से लेकर दो प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 12.99 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की सांकेतिक कमजोरी के साथ 76,944.28 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 24.60 अंक यानी 0.10 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 24,055.80 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

