home page

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट

 | 
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट


नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारों ने कुछ देर तक लिवाली का जोर बनाए रखा, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में कुछ सुधार भी हुआ। हालांकि पहले 10 मिनट के कारोबार के बाद ही एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इन दोनों सूचकांकों की कमजोरी बढ़ती चली गई। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.62 प्रतिशत और निफ्टी 0.53 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से सिप्ला, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, टीसीएस और नेस्ले के शेयर 1.58 प्रतिशत से लेकर 0.84 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, श्रीराम फाइनेंस, इंटरग्लोब एविएशन, एचसीएल टेक्नोलॉजी, महिंद्रा एंड महिंद्रा और बजाज फाइनेंस के शेयर 3.49 प्रतिशत से लेकर 2.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,703 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 866 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,837 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 8 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 22 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 19 शेयर हरे निशान में और 31 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 344.06 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 77,272.34 अंक के स्तर पर खुला। बाजार खुलते ही खरीदारी शुरू हो गई, जिससे पहले 10 मिनट के कारोबार में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 130 अंक की रिकवरी कर 77,402.79 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स गिरता चला गया।

लगातार हो रही बिकवाली के कारण सुबह 10 बजे के करीब यह सूचकांक 550 अंक से भी अधिक लुढ़क कर 77,063.41 अंक के स्तर तक आ गया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 481.32 अंक की गिरावट के साथ 77,135.08 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 143 अंक यानी 0.59 प्रतिशत टूट कर 24,068 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 90 अंक सुधर कर 24,157.10 अंक के स्तर तक पहुंच गया। पहले 10 मिनट तक खरीदारी होने के बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिससे निफ्टी की चाल कमजोर पड़ने लगी।

लगातार हो रही बिकवाली की वजह से सुबह 10 बजे के करीब यह सूचकांक 160 अंक से अधिक की कमजोरी के साथ 24,050.55 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में मामूली सुधार होता हुआ नजर आया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 127.25 अंक फिसल कर 24,083.75 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 47.01 अंक यानी 0.06 प्रतिशत की मामूली मजबूती के साथ 77,616.40 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 4.10 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की सांकेतिक उछाल के साथ 24,211 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक