home page

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी का रुख, मुनाफा वसूली के बावजूद सेंसेक्स और निफ्टी मजबूत

 | 
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी का रुख, मुनाफा वसूली के बावजूद सेंसेक्स और निफ्टी मजबूत


नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)। पॉजिटिव ग्लोबल संकेतों के कारण आज शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी का रुख नजर आ रहा है। अमेरिका और ईरान के बीच समझौता होने की उम्मीद और होर्मुज स्ट्रेट के फिर से खुलने के आसार के कारण उत्साहित घरेलू शेयर बाजार ने आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन ही मजबूती के साथ कारोबार शुरू किया। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से पहले 10 मिनट में ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक की मजबूती और बढ़ गई, जिससे बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैप में पांच लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। हालांकि इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने की वजह से इन दोनों सूचकांक की चाल में कुछ गिरावट भी आई। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1.01 प्रतिशत और निफ्टी 0.91 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

आज प्रातः 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से आयशर मोटर्स, श्रीराम फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयर 5.15 प्रतिशत से लेकर 2.23 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, ओएनजीसी, टीसीएस, मैक्स हेल्थकेयर और सन फार्मास्यूटिकल्स के शेयर 2.01 प्रतिशत से लेकर 0.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,786 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,229 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 557 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 26 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर चार शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 41 शेयर हरे निशान में और नौ शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 720.47 अंक की मजबूती के साथ 76,135.82 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण पहले 10 मिनट में ही यह सूचकांक उछल कर 76,334.77 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स के चाल में गिरावट आने लगी। बिकवाली का दबाव बनने के बावजूद यह सूचकांक लगातार हरे निशान में ही बना रहा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 752.09 अंक की तेजी के साथ 76,167.44 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 220.95 अंक उछल कर 23,940.25 अंक के स्तर तक से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने पर यह सूचकांक उछल कर 23,989.10 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बावजूद के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 216.85 अंक की मजबूती के साथ 23,936.15 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 231.99 अंक यानी 0.31 प्रतिशत की मजबूती के साथ 75,415.35 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 64.60 अंक यानी 0.27 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,719.30 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक